बैंक, वित्तीय कंपनियों में बिकवाली से लाल निशान में बंद हुए शेयर बाजार, इन कंपनियों में दिखा एक्शन
बाजार में बड़ा उतार-चढ़ाव
शुरुआती तेजी गंवाकर घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए। दोपहर बाद बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों में बिकवाली बढ़ने से बीएसई का सेंसेक्स 135.03 अंक टूटकर 75,183.36 पर और निफ्टी 4.30 अंक नीचे 23,654.70 पर आ गया। कारोबार के दौरान बाजार में 950 अंकों का भारी उतार-चढ़ाव देखा गया।
मुंबई। बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों में दोपहर बाद बिकवाली बढ़ने से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक शुरुआती तेजी खोकर अंत में लाल निशान में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स कारोबार की समाप्ति पर 135.03 अंक (0.18 प्रतिशत) की गिरावट में 75,183.36 अंक पर रहा। सुबह 627 अंक चढ़ने के बाद दोपहर में यह 323 अंक तक टूट गया था। इस प्रकार इसमें करीब 950 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक का ग्राफ भी इसी तरह रहा और यह अंत में 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत नीचे 23,654.70 अंक पर बंद हुआ।
वृहत बाजार में कुल मिलाकर निवेश धारणा मजबूत रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.26 प्रतिशत गिर गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.63 प्रतिशत ऊपर रहा। आईटी, बैंकिंग, वित्त और एफएमसीजी सेक्टरों पर बिकवाली का दबाव रहा। रियलटी, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में तेजी देखी गयी। सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर तीन प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। बीईएल और ट्रेंट में पौने दो प्रतिशत की तेजी रही। अडानी पोर्ट्स का शेयर एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहा। अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
बजाज फाइनेंस में पौने दो प्रतिशत और टेक महिंद्रा में करीब डेढ़ फीसदी की गिरावट रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर, इंफोसिस, बजाज फिनसर्व और भारती एयरटेल के शेयर भी एक फीसदी से ज्यादा टूटे। एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटरनल और टाइटन के शेयर भी लाल निशान में रहे।

Comment List