विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच शेयर बाजारों में लौटी तेजी: सेंसेक्स 1,372 अंक चढ़कर 74,068.45 पर बंद
शेयर बाजार में बहार: सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार उछाल
वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार ने शानदार वापसी की है। सेंसेक्स 1,372 अंक चढ़कर 74,000 के पार बंद हुआ, जबकि निफ्टी 22,900 के स्तर पर पहुंच गया। मिडकौप और स्मॉलकैप शेयरों में निवेशकों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। एलएंडटी, इंडिगो और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गजों की अगुवाई में बाजार में चौतरफा लिवाली दर्ज की गई।
मुंबई। विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी रही। बीएसई का सेंसेक्स 21 महीने के निचले स्तर से उबरता हुआ 1,372.06 अंक (1.89 प्रतिशत) चढ़कर 74,068.45 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 399.75 अंक यानी 1.78 फीसदी की बढ़त में 22,912.40 अंक पर पहुंच गया।
बाजार में चौतरफा लिवाली रही। मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.74 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.63 प्रतिशत चढ़ गया। ऑटो, वित्त, मीडिया, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रसायन, धातु, रियलटी, स्वास्थ्य, आईटी और एफएमसीजी समेत सभी सेक्टरों में अच्छी मजबूती रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में एलएंडटी और इंडिगो के शेयर पांच प्रतिशत से अधिक उछले। इटरनल, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और अल्ट्राटेक सीमेंट में चार से पांच प्रतिशत की तेजी रही। टेक महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में तीन से चार प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गयी।
एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और बीईएल से शेयर दो से तीन प्रतिशत ऊपर रहे। टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाइटन, मारुति सुजुकी और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर एक से दो प्रतिशत तक मजबूत हुए। एनटीपीसी, टीसीएस, भारती एयरटेल, ट्रेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी हरे निशान में रहे। पावर ग्रिड का शेयर लाल निशान में बंद हुआ।

Comment List