सप्ताह के आखिरी दिन हरे निशान में बंद हुआ बाजार: बैंकों, गैर बैंकिग वित्तीय कंपनियों के शेयरों को निवेशकों का समर्थन, सेंसेक्स-निफ्टी में हल्का सुधार
शेयर बाजार में रौनक
बैंकिंग और वित्तीय सेवा कंपनियों के शेयरों में मजबूत लिवाली से घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 231.99 अंक की तेजी के साथ 75,415.35 और निफ्टी 64.60 अंक बढ़कर 23,719.30 पर पहुंच गया। एक्सिस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई।
मुंबई। निजी क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय सेवा कंपनियों के शेयरों को निवेशकों के समर्थन तथा इंजीनियरिंग और अवसंरचना क्षेत्र से जुड़ी कुछ चुनिंदा कंपनियों के शेयरों में लिवाली निकलने से स्थानीय शेयर बाजारों के प्रमुख शेयर सूचकांक शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए। शुरुआती कारोबार में रुपये की विनिमय दर में सुधार के संकेतों से भी बाजार को समर्थन मिला। बंबई बाजार का सेंसेक्स 231.99 अंक या 0.31 प्रतिशत बढ़कर 75,415.35 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 64.60 अंक या 0.27 प्रतिशत बढ़कर 23,719.30 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स सुबह 75,260.39 पर खुलने के बाद ऊपर में 75,810.97 और नीचे में 75,230.75 अंक तक गया था। कल बाजार 75,183.36 पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी50 सुबह 23,671.20 पर खुल कर ऊपर में 23,835.65 और नीचे में 23,671 तक गया था। बीएसई में आज साप्ताहिक कारोबार के आखिरी दिन 15 शेयर लाभ में और 15 हानि में रहे। लाभ में रहे प्रमुख शेयरों में ट्रेन्ट 3.01 प्रतिशत, एक्सिस 2.52 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.77 प्रतिशत, एशियन पेंट 1.56 प्रतिशत और हिंदुस्तान लीवर 1.06 प्रतिशत लाभ में रहा। एचडीएफसी बैंक, कोटक बैंक, बजाज फाइनेंस, अल्ट्रासीमेंट, बजाज फिनसर्व, इंडिगो ओर रिलायंस भी लाभ में रहे।
सनफार्मा, आईटीसी, पावरग्रिड, भेल, भारती एयरटेल और इन्फोसिस जैसे कई प्रमुख शेयरों में 2.43 प्रतिशत से 0.61 प्रतिशत तक की गिरावट रही। सेंसेक्स में शामिल सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की अन्य कंपनियों के शेयर भी गिरावट में बंद हुए। पूरे दिन कारोबार के दौरान बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा। दोपहर बाद के कारोबार में भू-राजनीतिक अनिश्चिताओं की चिंता, वैश्विक बाजार में बांडों पर प्रतिफल बढ़ने और कच्चे तेल के दाम ऊंचे होने के कारण शेयरों में ऊंची कीमत पर लाभ काटने के लिए बिकवाली का दबाव बढ़ गया था। इससे बाजार में तेजी का वातावरण कुछ शांत हो गया।
अलग-अलग खंडों में में मिला-जुला रुझान देखने को मिला। मुख्य रूप से निफ्टी प्राइवेट बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, मेटल और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयरों को लेकर बजार का रुख सकारात्मक दिखा। इन शेयरों में लिवाले से बाजार को कुल मिला कर सहारा मिला। इसके विपरीत हेल्थकेयर, मीडिया और फार्मा शेयरों में कमजोरी देखी गयी, जिसने कुल मिला कर बाजार में सुधार सीमित हो गया। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स मामूली रूप से 0.14 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ, जो चुनिंदा खरीदारी के रुझान को दर्शाता है, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.15 प्रतिशत फिसल गया। विश्लेषकों के अनुसार यह व्यापक बाजार में सतर्क रुख को दर्शाता है।

Comment List