अरुंधति और फरहान बने ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ : ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन, फरहान पुरुष वर्ग में रहे अवॉर्ड विजेता
सबसे अधिक विकेट लिए
भारतीय तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी को फरवरी का आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया। उन्होंने टी-20 सीरीज में आठ विकेट लिए। वहीं, पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान पुरुष विजेता, टी-20 विश्वकप में 383 रन बनाकर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा।
दुबई। भारत की स्टार क्रिकेटर अरुंधति रेड्डी को फरवरी महीने के आईसीसी महिला ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ के पुरस्कार से नवाजा गया है। अरुंधति को यह पुरस्कार ऑस्ट्रेलिया में भारत की यादगार जीत में अहम भूमिका निभाने वाले शानदार प्रदर्शन के लिए दिया गया है। तेज गेंदबाज अरुंधति ने इस सम्मान पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना मेरे लिए सचमुच एक बहुत बड़ा सम्मान है और यह और भी खास इसलिए है क्योंकि मुझे ऑस्ट्रेलिया में टी-20 सीरीज जीतने में योगदान देने का मौका मिला। ऑस्ट्रेलिया को उसके अपने घर में हराना कभी आसान नहीं होता और इसी वजह से यह पुरस्कार मेरे लिए और भी ज्यादा मायने रखता है।
फरहान ने विश्वकप में बनाए सबसे अधिक रन :
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को हाल ही में हुए टी-20विश्वकप में शानदार प्रदर्शन की बदौलत पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार मिला। फरहान विश्व कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने सात मैचों में 76.60 की औसत से कुल 383 रन बनाए, जिसमें दो शतक और उतने ही अर्धशतक शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 160.25 था और उन्होंने टी-20 विश्व कप के किसी एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का विराट कोहली का लंबे समय से चला आ रहा रिकॉर्ड भी तोड़ था।
सबसे अधिक विकेट लिए :
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में रेड्डी सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। उन्होंने 10.87 की औसत से कुल आठ विकेट लिए और 7.25 की इकॉनमी रेट बनाए रखी। इस दाएं हाथ की तेज गेंदबाज ने सिडनी में खेले गए पहले ही मैच से अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया था। उस मैच में उन्होंने अपने करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट लिए थे, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी मिला था।

Comment List