एशियन गेम्स 2026 : भारत का शानदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण सहित आठ पदक जीते
भारत एशियन गेम्स में 10वें स्थान पर पहुंचा
आइची नागोया। भारत ने एशियन गेम्स 2026 के दसवें दिन शानदार प्रदर्शन के दम पर दो स्वर्ण, एक रजत और पांच कांस्य पदक सहित आठ पदक जीते। भारत अब तक 6 स्वर्ण, 21 रजत और 26 कांस्य सहित 53 पदक जीतकर पदक तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गया है। नीरू ढांडा ने दिन की अगुआई करते हुए महिला ट्रैप में एशियन रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता और आइची -नागोया में भारत की पहली व्यक्तिगत गोल्ड मेडलिस्ट बनीं। इससे पहले दिन में नीरू ने मनीषा कीर और आशिमा अहलावत के साथ महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक भी जीता था। भारत ने एथलेटिक्स के अंतिम दिन एक स्वर्ण व 4 कांस्य पदक सहित पांच पदक जीते।
महिला 4 गुना 400 मीटर रिले टीम ने पहला स्थान हासिल कर भारत को एची-नागोया में ट्रैक एंड फील्ड का एकमात्र गोल्ड दिलाया। वहीं, मिश्रित 4 गुणा 100 मीटर रिले टीम ने नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ व पुरुष 4गुणा 400 मीटर रिले टीम ने भी कांस्य पदक जीता। गुलवीर सिंह ने पुरुष 5000 मीटर में कांस्य पदक के साथ अपना शानदार अभियान समाप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने पदकों की हैट्रिक बनाई। इससे पहले वह 10000 मीटर और 1500 मीटर में रजत पदक जीत चुके थे। पूजा सिंह ने भी महिला हाई जंप में कांस्य पदक अपने नाम किया। बॉक्सिंग में नरेंद्र बरवाल को पुरुष 90 किग्रा सेमीफाइनल में हार के बाद कांस्य पदक मिला।

Comment List