मुख्य सचिव श्रीनिवास ने लिया सवाई मानसिंह स्टेडियम का जायजा, स्टेडियम को आईपीएल मानकों के अनुरूप तैयार कराएगी सरकार
15 करोड़ का अनुमानित खर्च
सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल के चार मैचों के आयोजन को लेकर नवीनीकरण कार्य तेज हो गया है। पीडब्ल्यूडी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने निरीक्षण किया। 15 करोड़ रुपए से एलईडी फ्लड लाइट, फायर सेफ्टी, स्ट्रक्चरल सुधार, लिफ्ट, वॉशरूम अपग्रेड सहित दर्शक सुविधाएं बेहतर की जाएंगी।
जयपुर। शहर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चार मुकाबलों के आयोजन पर सहमति बनने के बाद राज्य सरकार ने सवाई मानसिंह स्टेडियम को आईपीएल मानकों के अनुरूप तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। नवीनीकरण कार्य की जिम्मेदारी सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपी गई है। राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सभी स्टैंड्स का अवलोकन करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव (पीडब्ल्यूडी) प्रवीण गुप्ता और खेल विभाग के सचिव डॉ. नीरज कुमार पवन से प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान राजस्थान रॉयल्स के उपाध्यक्ष राजीव खन्ना भी मौजूद रहे। राजस्थान खेल परिषद के अध्यक्ष नीरज कुमार पवन ने कहा कि दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी कार्य समय पर पूरे कर स्टेडियम को सफल आयोजन के लिए तैयार कर दिया जाएगा।
7 से घटकर 4 मैच :
इस बार जयपुर में केवल चार मैच खेले जाएंगे, जबकि पहले रॉयल्स अपने सातों घरेलू मुकाबले यहीं खेलती थी। पिछले वर्षों में दो मैच गुवाहाटी स्थानांतरित किए गए थे। सुरक्षा और संरचनात्मक मजबूती को लेकर उठे सवालों के बीच सभी मैच शिफ्ट होने की आशंका थी, लेकिन अब चार मैचों पर ही सहमति बनी है।
लगेंगी नई एलईडी फ्लड लाइट :
साल 2006 में चैंपियंस ट्रॉफी से पहले लगी पुरानी हैलोजन फ्लड लाइट को हटाकर अत्याधुनिक एलईडी फ्लड लाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए राजस्थान खेल परिषद शीघ्र ही टेंडर जारी करेगी।
स्ट्रक्चरल मजबूती और फायर सेफ्टी पर फोकस :
स्टेडियम की संरचनात्मक मजबूती (स्ट्रक्चरल इंटेग्रिटी) और फायर सेफ्टी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पूर्व में एक निजी एजेंसी की रिपोर्ट में सुरक्षा संबंधी कमियां बताई गई थीं, हालांकि पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट के अनुसार आवश्यक सुधारों के बाद स्टेडियम को मैचों के लिए तैयार कर दिया जाएगा।
15 करोड़ का अनुमानित खर्च :
नवीनीकरण कार्यों पर करीब 15 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार उठाएगी। कार्य योजना और बजट राजस्थान रॉयल्स के साथ समन्वय कर तैयार किया जाएगा।
यह कार्य भी होंगे :
सिविल, वाटर और इलेक्ट्रिकल वर्क, नई लिफ्ट की स्थापना, वीआईपी साउथ स्टैंड सहित अन्य स्टैंड्स के वॉशरूम अपग्रेडेशन, कंटीले तारों की जगह नई जालियां लगाने और दर्शक सुविधाओं में सुधार जैसे कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।

Comment List