पहले टेस्ट का पहला दिन : भारत के 2 विकेट पर 121, सिराज और बुमराह ने विंडीज पारी को 162 रनों पर समेटा
यशस्वी जायसवाल 36 और साई सुदर्शन 7 रन बनाकर आउट हुए
भारत ने वेस्ट इंडीज को पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन पहली पारी में 44.1 ओवर में 162 रन पर समेट दिया।
अहमदाबाद। तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज ने चार और जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लेकर वेस्ट इंडीज को भारत के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन पहली पारी में 44.1 ओवर में 162 रन पर समेट दिया। भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 121 रन बना लिए थे। स्टंप के समय केएल राहुल 53 और कप्तान शुभमन गिल 18 रन बना क्रीज पर मौजूद थे। यशस्वी जायसवाल 36 और साई सुदर्शन 7 रन बनाकर आउट हुए। केएल राहुल और यशस्वी ने पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े। वहीं भारत का दूसरा विकेट 90 के स्कोर पर गिरा।
राहुल और शुभमन की जोड़ी तीसरे विकेट के लिए 31 रन जोड़ चुकी है। इससे पूर्व वेस्ट इंडीज का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला उसके मन-माफिक नहीं रहा। भारतीय तेज गेंदबाज जोड़ी ने उसकी पारी को बिखेर दिया। रही-सही कसर चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने दो विकेट लेकर पूरी कर दी। सिराज ने 40 रन पर चार विकेट, बुमराह ने 42 रन पर तीन विकेट, कुलदीप ने 25 रन पर दो विकेट और वाशिंगटन सुंदर ने नौ रन पर एक विकेट लिया। भारत ने लंच ब्रेक तक ही वेस्टइंडीज के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया था और लंच के तुरंत बाद ही सिराज ने एक और सफलता दिलाई। हालांकि इस सत्र में वॉशिंगटन और बुमराह ने भी गेंद के साथ अहम भूमिका निभाई और खासकर बुमराह ने अपनी सटीक यॉर्कर से सेट बल्लेबाज ग्रीव्स को बोल्ड किया।
सिराज को चार विकेट से संतुष्ट रहना पड़ा लेकिन उनके योगदान से भारत मैच में पहले दिन ही काफी आगे हो गया। वेस्टइंडीज की टीम दो सत्रों में ही ऑल आउट हो गई। सिराज ने भारत के लिए लय तय की क्योंकि उन्होंने पहले चार में से तीन विकेट चटकाए। ग्रीव्स ने थोड़ा संघर्ष दिखाया, लेकिन बुमराह ने उन्हें शानदार गेंदबाजी से बोल्ड कर दिया। इसके बाद बहुत कम समय बचा क्योंकि भारत की तेज गेंदबाज जोड़ी ने मिलकर सात विकेट लिए।

Comment List