भारत का दबदबा कायम : कुलदीप-जडेजा ने ढेर की वेस्टइंडीज, फॉलोऑन के बाद कैंपबेल-होप की जोड़ी ने की वापसी की कोशिश
वेस्टइंडीज ने 49 ओवर में दो विकेट पर 173 रन बना लिए
नई दिल्ली। जॉन कैंपबेल (नाबाद 87) और कप्तान शाई होप (नाबाद 66) अर्धशतकीय पारियों की मदद से वेस्टइंडीज ने दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन स्टंप के समय दो विकेट पर 173 रन बना लिए है। हालांकि, वह अभी भी भारत के पहली पारी में बनाए गए स्कोर से 97 रन पीछे है। इससे पहले कुलदीप यादव (पांच विकेट) रवींद्र जडेजा (तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को 248 रन के स्कोर पर ढ़ेर कर 270 रनों की बढ़त के साथ उसे फॉलोईऑन दिया हैं। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज को 17 के स्कोर पर मोहम्मद सिराज ने तेजनारायण चंद्रपॉल (10) को आउटकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर ने ऐलेक ऐथनेज (7) को बोल्ड कर भारत की झोली में दूसरा विकेट डाल दिया। चायकाल के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान शाई होप ने जॉन कैंपबेल के साथ पारी को संभाला तथा तेजी के साथ रन भी बटोरे। दिन का खेल समाप्त होने के समय अपने-अपने अर्धशतक पूरे कर बड़े स्कोर की नींव रख दी। वेस्टइंडीज ने 49 ओवर में दो विकेट पर 173 रन बना लिए है। भारत की ओर दूसरी पारी में मोहम्मद सिराज और वॉशिंगटन सुदंर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।विंडीज पहली पारी 248 पर सिमटी।
इससे पहले वेस्टइंडीज ने कल के चार विकेट पर 140 रनों से आगे खेलना शुरु किया। आज सुबह के सत्र में वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप (36) का विकेट मात्र 16 रन जोड़कर गंवा दिया। उन्हें कुलदीप यादव ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद टेविन इमलाक (21) और जस्टिन ग्रीव्स (17) को भी कुलदीप ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद खारी पियेरे और एंडरसन फिलीप ने पारी को संभाला। वेस्टइंडीज ने लंच तक आठ विकेट पर 217 रन बना लिये थे और दोनों बल्लेबाजों के बीच लंच तक नौवें विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी हुई थी।
कुलदीप ने 5 व जडेजा ने लिए 3 विकेट :
भारत के लिए कुलदीप यादव ने पांच विकेट लिए। रवींद्र जडेजा को तीन विकेट मिले। मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Comment List