टी-20 रैंकिंग में भारत का दबदबा : अभिषेक-वरुण टॉप पर बरकरार, सिंकदर रजा बने शीर्ष ऑलराउंडर
शिवम दुबे दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें पर पहुंच गए
आईसीसी की ताजा टी-20 रैंकिंग में अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी और वरुण चक्रवर्ती गेंदबाजी में नंबर वन बने हुए। इशान पांचवें और शिवम दुबे सातवें स्थान पर पहुंचे। जिम्बाब्वे के सिंकदर रजा शानदार प्रदर्शन के दम पर फिर शीर्ष ऑलराउंडर बने, जबकि मोहम्मद नबी आठवें स्थान पर पहुंचे।
दुबई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की जारी ताजा टी-20 रैंकिंग में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर बने हुए हैं। आईसीसी की आज जारी रैंकिंग के अनुसार भारत और श्रीलंका की मेजबानी में चल रहे टी-20 विश्वकप में अभिषेक शर्मा खराब फॉर्म के बावजूद टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महंगे प्रदर्शन के बावजूद स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए है। इसके अलावा इशान आईसीसी पुरुष टी-20 रैंकिंग में तीन पायदान की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए है, जबकि भारत के शिवम दुबे दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें पर पहुंच गए हैं।
जिम्बाब्वे के सिंकदर रजा ने टी-20 विश्वकप में अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑलराउंडर्स रैंकिंग में फिर से नंबर वन स्थान हासिल कर लिया है। रजा ने जिम्बाब्वे को सुपर आठ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ 45 और मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 रन बनाए, जिससे वह ताजा रैंकिंग अपडेट में ऑल-राउंडर्स की लिस्ट में पाकिस्तान के सैम अयूब को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुंच गए। अफगानिस्तान के अनुभवी मोहम्मद नबी तीन स्थान ऊपर चढ़कर आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

Comment List