आईपीएल 2025 : मुंबई ने लगाया जीत का चौका, सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया
सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाए 143 रन
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल-2025 के 41 वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से पराजित कर अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की।
हैदराबाद। ट्रेंट बोल्ट (26 पर 4) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा (70 रन) और सूर्यकुमार यादव (नाबाद 40 रन ) की धुंआधार पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आईपीएल-2025 के 41 वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से पराजित कर अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की।
इस जीत से मुंबई 9 मैचों में 5 जीत के साथ अंक तालिका में छठे से तीसरे स्थान पर पहुंच गई। वही सनराइजर्स 8 मैचों में दो जीत व छह हार के साथ 4 अंकों के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर बनी हुई है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाए 143 रन :
सनराइजर्स ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 143 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 15.4 ओवर में ही 3 विकेट पर 146 रन बना आसान जीत दर्ज की।
रिकल्टन सस्ते में लौटे :
मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उनादकट ने अपने पहले ही ओवर में रिकल्टन को अपनी ही गेंद पर लपक हैदराबाद को पहली सफलता दिलाई। रिकल्टन ने 8 गेंद पर दो चौको की मदद से 11 रन बनाए। रोहित शर्मा और विल जैक्स ने दूसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभा मुंबई को मजबूती प्रदान की।
जीशान अंसारी ने विल जैक्स (22)को मनोहर के हाथों लपकवा मुंबई को दूसरा झटका दिया। इसके बाद रोहित और सूर्यकुमार यादव ने 32 गेंदों में 53 रन की साझेदारी निभा मुंबई को जीत के द्वार तक ले गए। इस जोड़ी को मलिंगा ने रोहित शर्मा को अभिषेक के हाथों लपकवा जुदा किया। रोहित ने अपनी पारी में 46 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौको और 3 छक्को की मदद से 70 रन बनाए। रोहित के आउट होने के बाद सूर्यकुमार (अवि. 40) और तिलक वर्मा (अवि. 2) ने बिना किसी अतिरिक्त क्षति के 15.4 ओवर में 3 विकेट पर 146 रन मुंबई को जीत तक पहुंचाया।
इससे पूर्व टॉस हार पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। उसके आरंभिक 5 शीर्ष बल्लेबाज मात्र35 रनों पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन (71) ने अभिनव मनोहर (अवि. 43) के साथ छठे विकेट के लिए 99 रन जोड़ हैदराबाद को निर्धारित 20 ओवर में 143 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

Comment List