राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी का इंतजार, खिलाड़ियों के प्रस्ताव लंबित रहना निराशाजनक
11 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ ही योगासन
जयपुर। राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतकर राजस्थान का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के लिए तीन साल से इंतजार करना पड़ रहा है। गोवा में आयोजित 37वें राष्ट्रीय खेल-2023 में स्काय मार्शल आर्ट्स में राजस्थान के लिए 11 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ ही योगासन के पदक विजेता खिलाड़ी भी अब तक आउट ऑफ टर्न नियुक्ति से वंचित हैं। नियुक्ति के लिए आवेदन करने के बावजूद उनके प्रस्ताव लंबित पड़े हैं। इसे लेकर राजस्थान स्काय मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन और योगासन से जुड़े खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री, खेल मंत्री और मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजकर शीघ्र नियुक्ति देने की मांग की है।
स्काय मार्शल आर्ट्स के खिलाड़ियों ने कहा कि गोवा में वर्ष 2023 में आयोजित 37वें राष्ट्रीय खेलों में राजस्थान के खिलाड़ियों ने 11 पदक जीतकर इस खेल में प्रदेश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। खिलाड़ियों के पदक और मेरिट प्रमाण पत्र भारतीय ओलंपिक संघ से सत्यापित हैं। इसके बावजूद वर्ष 2023-24 में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले इन खिलाड़ियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। दूसरी ओर, योगासन के खिलाड़ियों ने भी 37वें राष्ट्रीय खेल गोवा-2023 और 38वें राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड- 2025 में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतने के बावजूद नियुक्ति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। खिलाड़ियों कहा कि इन प्रतियोगिताओं में पदक जीतना प्रदेश के लिए योगासन में ऐतिहासिक उपलब्धि रही, लेकिन तीन साल से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
खिलाड़ियों ने कहा कि उनके पदक और मेरिट प्रमाण पत्र भी भारतीय ओलंपिक संघ से सत्यापित हैं। योगासन भी राज्य सरकार की आउट ऑफ टर्न नियुक्ति नीति में मान्यता प्राप्त खेल है। इसके बावजूद पात्र खिलाड़ियों के प्रस्ताव लंबित रहना निराशाजनक है। दोनों खेलों के खिलाड़ियों ने राजस्थान खेल परिषद के सचिव राजकेश मीना को ज्ञापन देकर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों के लंबित प्रस्ताव तत्काल स्वीकृत करने, पात्र खिलाड़ियों को शीघ्र नियुक्ति आदेश जारी करने और भविष्य में किसी भी खेल के खिलाड़ियों के साथ इस तरह की स्थिति नहीं बनने देने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। इससे पूर्व रोलबॉल खेल के पदक विजेता खिलाड़ी भी नौकरी की मांग को लेकर ज्ञापन दे चुके हैं।

Comment List