टी-20 सीरीज : श्रेयस अय्यर की आंधी में उड़ी विंडीज, भारत 8 विकेट से जीता
वेस्टइंडीज को 171 रन पर रोका
लखनऊ। कप्तान श्रेयस अय्यर (102 नाबाद) के आतिशी शतक और ईशान किशन (37 नाबाद) के साथ 137 रन की तूफानी भागीदारी की मदद से भारत ने 5 टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मंगलवार को वेस्ट इंडीज को आसानी से आठ विकेट से हरा दिया। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम पर वेस्ट इंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 171 रन बनाए। जवाब में भारत ने विजय लक्ष्य को 32 गेंद शेष रहते दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत का पलड़ा इस मुकाबले में हर समय और हर क्षेत्र में भारी दिखा। भारत ने धारदार गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण की बदौलत मेहमान टीम को निर्धारित 20 ओवर खेलने की इजाजत नहीं दी और पूरी टीम 171 रन पर समेट दी।
श्रेयस की तूफानी पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अभिषेक शर्मा (21) और संजू सैमसन (11) की जोड़ी ने टीम को तेज शुरुआत तो दी मगर पारी के चौथे ओवर के बीच में ओपनर जोड़ी पवेलियन लौट चुकी थी। बाद में क्रीज पर आए ईशान और श्रेयस ने मेहमान गेंदबाजी की बखिया उधेड़ते हुए मैदान के चारों ओर चौके छक्कों की आतिशबाजी कर दी। श्रेयस ने 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुये अपनी आतिशी पारी के दौरान दस चौके और छह गगनचुंबी छक्के लगाए। मैदान पर करीब 45 हजार दर्शकों के साथ दूसरे छोर पर ईशान किशन भी श्रेयस की बल्लेबाजी का आनंद ले रहे थे। ईशान ने अपनी नाबाद पारी में पांच बार गेद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया।
नमन ने झटके 3 विकेट
इससे पहले शाई होप (52) और शेरफेन रदरफोर्ड (56) की पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज ने 171 रन बनाए। अपने पदार्पण मैच में हरियाणा के नमन धीर ने 31 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने अपने स्पेल के सिलसिलेवार तीन ओवरों में कप्तान शाई होप (52) का विकेट झटक कर मेहमान टीम को बैकफुट पर ढकेल दिया, जबकि बाद में उन्होने रोमारियो शेफर्ड (7) और शमर स्प्रिंगर (9) को सस्ते में चलता किया।दूसरे छोर पर कुलदीप यादव (33 पर 2) का योगदान भी अहम रहा, जिन्होने रोस्टन चेज (5) और मैथ्यू फोर्ड (2) के विकेट झटके।

Comment List