इंग्लैंड दौरे पर अलग ड्रेसिंग रूम का उपयोग करेंगे वैभव सूर्यवंशी, आईसीसी और ईसीबी के अंडर-16 सुरक्षा नियमों के तहत लिया गया फैसला
खिलाड़ी के माता-पिता हमेशा उनके साथ यात्रा करेंगे
लंदन। इंग्लैंड में पांच मैचों की टी-20 सीरीज के दौरान वैभव सूर्यवंशी भारतीय दल से अलग ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करेंगे। यह फैसला 16 से कम उम्र के खिलाड़ियों की सुरक्षा से संबंधित आईसीसी और ईसीबी की नीतियों के अनुसार लिया गया है। 15 वर्षीय सूर्यवंशी को मैचों के दौरान और टीम की चर्चा के दौरान भारतीय ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करने की अनुमति होगी, लेकिन पांचों वेन्यू पर उन्हें कपड़े बदलने के लिए अलग ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करना होगा। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह नियम आयरलैंड के ख़िलाफ दो टी 20 मुकाबलों के लिए लागू होगा या नहीं जो कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से पहले खेला जाना है।
फुटबॉल में भी आर्सेनल के मैक्ड डाउमैन को टीम के अन्य खिलाड़ियों से अलग ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करना पड़ा था ,जब तक वह पिछले साल दिसंबर में 16 वर्ष के नहीं हो गए। गार्डियन के अनुसार ईसीबी ने कहा, यह एक आईसीसी इवेंट है और चूंकि यह अधिकार क्षेत्र उनका है इसलिए उनके सुरक्षा नियम लागू होंगे। इवेंट के दौरान सुरक्षा से संबंधित किसी भी समस्या का समाधान आईसीसी द्वारा किया जा सकता है, वहीं इसके साथ ही ईसीबी की सेफ हैंड्स नीति हर समय लागू रहती है।
क्रिकेट रेगुलटर, क्रिकेटर के यूके में रहने के दौरान जरूरतों और अपेक्षाओं की चर्चा करने के लिए भारतीय टीम के लिए नियुक्त टीम लाइजन ऑफिर (टीएलओ) के संपर्क में है। संबंधित क्रिकेट वेन्यू के लिए नियुक्त काउंटी सेफगार्डिंग ऑफिसर भी टीम लाइजन ऑफिसर के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि वेन्यू के नियमों और व्यवस्था को समझा जा सके और उसका पालन किया जाए।
खिलाड़ी के माता-पिता हमेशा उनके साथ यात्रा करेंगे। वे उसी होटल में भी रहेंगे जो कि आम प्रोटोकॉल से हटकर है लेकिन खिलाड़ी की उम्र को देखते हुए इस बार इसकी अनुमति दी गई है। यह अतिरिक्त प्रावधान हमें अधिक विश्वास दिलाता है कि खिलाड़ी के साथ उनका परिवार होगा जो कि उन्हें अतिरिक्त सहायता और सुरक्षा प्रदान कर सकता है। बीसीसीआई सचिव देवाजित सैकिया ने पहले कहा था कि सूर्यवंशी दौरे पर अपने माता-पिता के साथ होंगे और बोर्ड उनका खर्च उठाएगा। सूर्यवंशी अब तक के अपने करियर में कई पुरुष ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में अपने राज्य की टीमों, आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और हाल ही में श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया ए के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे हैं। अगर वह आयरलैंड या इंग्लैंड में टी-20 खेलते हैं तो वह पुरुष क्रिकेट में डेब्यू करने वाले भारत के सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे और ऐसा करते हुए वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने 16 वर्ष और 205 दिन की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था।

Comment List