महिला विश्वकप : ऐमी जोंस के नाबाद 86 रनों से इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराया, 124 गेंदें शेष रहीं
30वें ओवर में ही जीत दर्ज की
विशाखापत्तनम में खेले गए महिला विश्वकप के 27वें मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 124 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से हराया। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद ऐमी जोंस ने नाबाद 86 और टैमी ब्यूमोंट ने 40 रन बनाए। इंग्लैंड ने 29.2 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। जोंस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
विशाखापत्तनम। गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद ऐमी जोंस (नाबाद 86) और टैमी ब्यूमोंट (40) की शानदार पारियों के दम पर इंग्लैंड ने महिला विश्वकप के 27वें मुकाबले में न्यूजीलैंड को 124 गेंदे शेष रहते आठ विकेट से हरा दिया।
ओपनर्स ने 75 रन जोड़े :
न्यूजीलैंड के 168 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड के लिए ऐमी जोंस और टैमी ब्यूमोंट की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। 15वें ओवर में लिया तहुहू ने टैमी ब्यूमोंट को पगबाधा कर इस साझेदारी को तोड़ा। ब्यूमोंट ने 38 गेंदो में सात चौके लगाकर 40 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आई हीथर नाइट ने ऐमी जोंस के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। 28वें ओवर की पहली गेंद पर सोफी डिवाइन ने हीथर नाइट को पगबाधा आउट कर हार की दहलीज पर खड़ी न्यूजीलैंड को दूसरी सफलता दिलाई। हीथर नाइट ने 40 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 33 रन बनाए।
30वें ओवर में ही जीत दर्ज की :
सेमीफाइनल में पहले ही जगह बना चुके इंग्लैंड ने 29.2 ओवर में दो विकेट पर 172 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया। ऐमी जोंस ने 92 गेंदों में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 86 रन बनाये। जोंस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। न्यूजीलैंड की ओर से सोफी डिवाइन और लिया तहुहू ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

Comment List