गुजरात में 28 साल का राज, फिर भी साफ पानी नहीं : 10 में 9 नमूने फेल, खड़गे बोले- रंगीली तस्वीरें दिखाकर जनता की आंखों में झोंकी धूल
आज भी पेयजल के लिए तरस रहे लोग
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर केन्द्र सरकार के दावों की गुजरात में ही पोल खुल गई है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दशकों लंबे शासन के बावजूद पानी के 10 में से 9 नमूने पीने योग्य नहीं हैं और 14 लाख घरों को आज भी नल से पानी का इंतजार है। खड़गे ने कहा कि कैग ने 2022 में गुजरात सरकार के शत-प्रतिशत नल कनेक्शन के दावे की पोल खोल दी थी।
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद जिले के धोलका में पिछले सप्ताह दूषित पानी पीने से कैंसर के कारण 54 लोगों की मौत की खबर आई है। सौराष्ट्र में राजकोट और जामनगर जैसे इलाके आज भी पेयजल के लिए तरस रहे हैं, जबकि कच्छ-सौराष्ट्र के किसान सूखे से जूझ रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात की जनता को 2047 के विकसित भारत का सपना दिखाया जा रहा है, लेकिन 28 साल के भाजपा शासन ने केवल झूठा प्रचार और रंगीली तस्वीरें दिखाकर जनता की आंखों में धूल झोंकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में न सुजलाम यानी शुद्ध पानी है और न सुफलाम यानी भरपूर फल व उपजाऊ फसलें।

Comment List