तिब्बत में फिर आया 5.0 तीव्रता का भूकंप, नेपाल त्रासदी के एक सप्ताह बाद झटकों से दहशत में आए लोग
किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की फिलहाल सूचना नहीं
तिब्बत। तिब्बत में गुरुवार को एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेस (GFZ) के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.0 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। झटके महसूस होने के बाद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। यह भूकंप नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक त्रासदी के करीब एक सप्ताह बाद आया है।
गौरतलब है कि 26 अगस्त को नेपाल सीमा के पास तिब्बत में ग्लेशियर टूटने से अचानक आई बाढ़ ने कई पहाड़ी कस्बों और घाटियों में भारी तबाही मचाई थी। नेपाल में इस त्रासदी में अब तक एक हजार से अधिक लोगों की मौत और करीब चार हजार लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। नेपाल के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर छेत्री के मुताबिक, नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई फ्लैश फ्लड के बाद करीब 100 नेपाली नागरिक भी लापता बताए गए हैं।

Comment List