चीन में होगी दुनिया के 3 सबसे ताकतवर नेताओं की बैठक, क्या निकलेगा परिणाम?
ट्रंप की चीन यात्रा में पुतिन की एंट्री
वाशिंगटन। अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले सप्ताह चीन में होने वाले शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात कर सकते हैं। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने संवाददाताओं को बताया कि अमेरिका, रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों के बीच यह ऐतिहासिक बैठक ट्रंप की एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के दौरान दक्षिणी शहर शेनझेन में होगी। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति ने स्पष्ट कर दिया है कि अन्य मुद्दों के साथ-साथ वह दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि परमाणु हथियारों का प्रसार बेहद खतरनाक है। बताया जा रहा है कि दुनिया की तीन प्रमुख परमाणु शक्तियों के नेताओं की इस बैठक में ईरान के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है, लेकिन यूक्रेन का मुद्दा इसमें शामिल नहीं होगा। हालांकि, रूस और चीन की ओर से इस बारे में अभी कोई टिप्पणी नहीं आयी है।
अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि इस बातचीत के बाद किसी समझौते की उम्मीद नहीं है। ट्रंप बुधवार देर रात शेनझेन पहुंचेंगे, जहां 21 सदस्य देशों का दो दिवसीय शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। वह शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे। वर्ष 2025 में दोबारा राष्ट्रपति पद संभालने के बाद शी जिनपिंग के साथ यह उनकी चौथी मुलाकात होगी।
वेल्स ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप अपनी चीन यात्रा का समापन चीन के राष्ट्रपति और रूस के राष्ट्रपति के साथ त्रिपक्षीय बैठक के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रंप इस यात्रा के दौरान मंगलवार को फिलीपींस में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य अमेरिकी जनता के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका के हितों को आगे बढ़ाना है। अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियार नियंत्रण संधि फरवरी में समाप्त हो गयी थी। इसके बाद दुनिया के सबसे बड़े परमाणु हथियार भंडार वाले इन दोनों देशों के शस्त्रागार पर नियंत्रण रखने वाली प्रमुख व्यवस्थाएं खत्म हो गईं। इसके साथ ही शीत युद्ध को समाप्त करने में मदद करने वाला हथियार नियंत्रण सहयोग भी प्रभावी रूप से समाप्त हो गया। राष्ट्र ने दोनों देशों से बिना किसी देरी के नया ढांचा तैयार करने पर सहमति बनाने का आग्रह किया है। हालांकि, ट्रंप ने कहा था कि वह इस संधि की जगह एक बेहतर समझौता कर सकते हैं, जिसमें चीन को भी शामिल किया जाएगा। चीन लगातार अपने परमाणु हथियारों के भंडार का विस्तार कर रहा है।

Comment List