ओडिशा तट से टकराने को तैयार अकवान : 3 लाख लोग घरों से निकाले, 400 से अधिक टीमें मोर्चे पर

एक तरफ तूफान, दूसरी तरफ तबाही का खतरा

ओडिशा तट से टकराने को तैयार अकवान : 3 लाख लोग घरों से निकाले, 400 से अधिक टीमें मोर्चे पर
चक्रवाती तूफान 'अकवान' का खतरा मंडरा रहा है। गोपालपुर के पास तूफान के टकराने की आशंका के बीच 20 जिलों से 3 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बचाव के लिए एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और अग्निशमन विभाग की 418 टीमें तैनात हैं। 47 ट्रेनें रद्द, 28 के मार्ग बदले गए हैं।

भुवनेश्वर। ओडिशा तट की ओर तेजी से बढ़ रहे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के दोपहर करीब 12 बजे गोपालपुर के पास हरिपुर में तट से टकराने की आशंका के बीच राज्य सरकार पूरी तरह आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। तूफान से प्रभावित होने की आशंका वाले 20 जिलों के संवेदनशील इलाकों से तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं, संभावित खतरे से निपटने और जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए बचाव एवं आपातकालीन सहायता से जुड़ी 418 विशेष टीमें तैनात की गई हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने देर रात लगातार दूसरे दिन चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने और राज्य एवं जिला प्रशासन के साथ-साथ केंद्र सरकार की एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सरकार के'शून्य जनहानि के लक्ष्य को दोहराते हुए विश्वास जताया कि व्यापक तैयारियों, आपसी समन्वय और भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से राज्य इस आसन्न चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करेगा।

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद माझी ने संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वानुमान जताया है कि चक्रवाती तूफान'अकवान आज पूर्वाह्न तक गोपालपुर के पास उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट को पार करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने तूफान से प्रभावित होने की आशंका वाले 20 जिलों में बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और एहतियाती उपाय किए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन लाख से अधिक लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। गर्भवती महिलाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। कुल 4,170 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें से 1,317 महिलाओं ने बाद में बच्चों को जन्म दिया है। विस्थापित लोगों को ठहराने के लिए राज्यभर में 9,341 चक्रवात आश्रय स्थल तैयार रखे गए हैं, जिनमें से 2,623 को चालू कर दिया गया है।

सरकार ने आपात स्थिति से निपटने के लिए 418 टीमों का बड़ा नेटवर्क तैयार किया है। इनमें ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) की 60 टीमें, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 14 टीमें, अग्निशमन सेवा की 216 टीमें और ओडिशा वन विकास निगम (ओएफडीसी) की पेड़ काटने वाली 128 टीमें शामिल हैं। इन टीमों को रणनीतिक रूप से अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि जरूरत पडऩे पर लोगों को तेजी से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, बचाव अभियान चलाने, सड़कों से पेड़ हटाने और तत्काल आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने का काम किया जा सके। तटीय इलाकों के अलावा सरकार ने छह जिलों के 941 गांवों को भूस्खलन की ²ष्टि से संवेदनशील चिह्नित किया है। इनमें गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट जिले शामिल हैं।

ओडिशा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (ओआरएसएसी) ने इन संवेदनशील स्थानों का नक्शा तैयार किया है, जिससे प्रशासन को लक्षित एहतियाती कदम उठाने में मदद मिल रही है। इन गांवों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। कंधमाल और गजपति जिलों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों में बड़ी संख्या उन क्षेत्रों की है, जहां भूस्खलन का खतरा है। तूफान के दौरान संचार व्यवस्था बाधित होने से रोकने के लिए सरकार ने दूरसंचार सुविधाओं को भी मजबूत किया है। निर्बाध संपर्क बनाए रखने के लिए 17 उपग्रह फोन, मोबाइल टावर वाले वाहन (सेल ऑन व्हील्स) और अन्य वैकल्पिक दूरसंचार प्रणालियों की व्यवस्था की गई है। ओडिशा तट के पास फंसे पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के मछुआरों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तटरक्षक बल के साथ समन्वय किया गया है। फंसे हुए मछुआरों को सुरक्षित गंजाम जिले तक लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Read More बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन और वंदे भारत एक्सप्रेस को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी, 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

माझी ने समीक्षा बैठक के दौरान पुरी के जिलाधिकारी से फोन पर बात कर जिले की तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने विशेष रूप से जिलाधिकारी को पुरी में पवित्र कार्तिक महीने के धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए ठहरी हुई महिला श्रद्धालुओं (हबीश्यालियों) की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तूफान के तट के  नजदीक आने के साथ ही रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। माझी ने बताया कि एहतियात के तौर पर 47 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 28 अन्य ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। आपातकालीन बचाव एवं राहत कार्यों को सुचारु रूप से चलाने के लिए तटरक्षक बल और रेलवे समन्वय प्रकोष्ठ को सतर्क कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं और लोगों की जान की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समीक्षा बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी भी शामिल हुए। मुख्य सचिव अनु गर्ग, राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. अरविंद पाढ़ी, विशेष राहत आयुक्त राजेश प्रभाकर पाटिल और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे। इस बीच, आईएमडी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में बना चक्रवाती तूफान अकवान पिछले छह घंटों के दौरान 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है।विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के समय यह तूफान गोपालपुर से लगभग 110 किलोमीटर दक्षिण और पुरी से 200 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था।

Read More बिरसा मुंडा जयंति पर पीएम मोदी ने अर्पित की श्रद्वांजलि, बोले- हर पीढ़ी को प्रेरित करेगा धरती आबा का संघर्ष

मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने और 20 नवंबर को पूर्वाह्न तक गोपालपुर के पास उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट को पार करने की संभावना थी। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान था। तस्वीरों से पता चला है कि तूफान के बाहरी वर्षा क्षेत्र जमीन के संपर्क में आने लगे हैं। इससे अगले दो घंटों के भीतर तूफान के तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू होने के संकेत मिले हैं। गोपालपुर स्थित डॉप्लर मौसम रडार से तूफान पर लगातार नजर रखी जा रही है। तट पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं और इनके झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी। आज दोपहर तक इनके जारी रहने और इसके बाद धीरे-धीरे कमजोर पडऩे का अनुमान था। वहीं, आजह पूर्वाह्न तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और इनके झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी। समुद्र में ऊंची और बहुत उग्र लहरें उठ रही थीं। दोपहर तक समुद्र की स्थिति खतरनाक बने रहने और इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य होने का अनुमान जताया गया है। तूफान के करीब आने और समुद्र की स्थिति बिगडऩे को देखते हुए अधिकारियों ने गोपालपुर और पुरी बंदरगाहों पर खतरे का संकेत संख्या सात (डी-7) जारी किया है, जबकि पारादीप बंदरगाह पर खतरे का संकेत संख्या छह (डी-6) लगाया गया है। धामरा बंदरगाह पर स्थानीय चेतावनी संकेत संख्या तीन (एलसी-3) जारी किया गया है।

Read More पंचायत चुनाव में 84.42 प्रतिशत मतदान, कई जगह बहिष्कार और हिंसक झड़पें

 

 

 

Tags: akwan

Related Posts

Post Comment

Comment List

Latest News

ओडिशा तट से टकराने को तैयार अकवान : 3 लाख लोग घरों से निकाले, 400 से अधिक टीमें मोर्चे पर ओडिशा तट से टकराने को तैयार अकवान : 3 लाख लोग घरों से निकाले, 400 से अधिक टीमें मोर्चे पर
चक्रवाती तूफान 'अकवान' का खतरा मंडरा रहा है। गोपालपुर के पास तूफान के टकराने की आशंका के बीच 20 जिलों...
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: दिग्गजों के परिवारों को बड़ा झटका, कई जगह आरएलपी ने चौंकाया
सीएम जन आवास योजना-2026 और टीडीआर पॉलिसी के प्रारूप पर 30 नवंबर तक दे सकेंगे आपत्ति और सुझाव
अजमेर जिला परिषद चुनाव में भाजपा का बहुमत, सुशील कंवर पलाड़ा को कांग्रेस प्रत्याशी ने 1,843 वोटों से हराया 
भुगतान नहीं करने पर पीएचईडी के तीन अधिकारियों की कुर्सियां कुर्क, ढोल बजाकर चस्पां किए नोटिस
सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, उत्तराखंड के पैतृक गांव में हुआ निधन
बूंदी पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच कड़ी टक्कर