छात्राओं के आरोप, कांग्रेस की चुप्पी! राहुल-प्रियंका से भाजपा ने पूछा सवाल
छात्राओं की शिकायतों से गरमाई सियासत
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर महिलाओं के शोषण के आरोपों का सामना करने वाले नेताओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूप कुमारी चौधरी गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा की चुप्पी पर सवाल उठाये। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि जेएनयू की आंतरिक समिति ने छात्राओं की शिकायतों को सही पाया और श्री अकोइजम को नौकरी से बर्खास्त करने की सिफारिश की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षक और छात्राओं के बीच संबंधों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला यह मामला गंभीर है। भाजपा नेताओं ने छात्राओं के साहस की सराहना करते हुए कहा कि किसी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के खिलाफ आवाज उठाना आसान नहीं होता, क्योंकि विद्यार्थियों को भेदभाव का सामना करने का डर रहता है। उन्होंने बताया कि शिकायतें मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने एक अंतरिम समिति गठित की थी। भाजपा नेताओं के अनुसार, समिति ने अपनी रिपोर्ट में शिकायत करने वाली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के आरोपों में अकोइजम को दोषी ठहराया था।
चौधरी ने अकोइजम के एक कथित साक्षात्कार का भी उल्लेख किया और कहा कि चौधरी ने कहा था कि उनके खिलाफ 11 नहीं, बल्कि 15 शिकायतें दर्ज की गयी थीं, जिनमें तीन शिकायतें लड़कों की थीं। भाजपा नेताओं ने हाल के विरोध प्रदर्शनों के दौरान कांग्रेस के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि 11 छात्राओं के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही भाजपा महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुव्र्यवहार किया गया। उन्होंने एक महिला पुलिसकर्मी और एक महिला पत्रकार के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया।
भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं ने कहा कि पार्टी की सभी महिला कार्यकर्ता 11 छात्राओं के साथ खड़ी हैं और न्याय मिलने तक सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेंगी। उन्होंने सवाल किया कि विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति की रिपोर्ट के बावजूद कांग्रेस ने अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की और उन्हें पार्टी से निष्कासित क्यों नहीं किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्राएं गांधी, वाड्रा और कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांग रही हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा की मांग नहीं है, बल्कि उन छात्राओं की आवाज है, जिन्होंने साहस के साथ अपनी शिकायतें सामने रखी हैं।
भाजपा नेताओं ने बताया कि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूप कुमारी चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी छात्राओं के मामले में न्याय की अपील की थी। इसके अलावा, एक दिन पहले राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष से भी प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की थी। भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के साथ छात्राओं के मुद्दे पर सार्थक चर्चा हुई है और उन्हें उम्मीद है कि मामले पर विचार कर छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए उचित कदम उठाये जायेंगे।

Comment List