नीट पेपर लीक मामले में एक और महिला टीचर गिरफ्तार : परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट पैनल में शामिल थीं, फिजिक्स के सवाल किए लीक
अब तक 11 लोग गिरफ्तार
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक केस में बड़ा खुलासा! CBI ने पुणे से मनीषा संजय हवलदार को गिरफ्तार किया, जिसे फिजिक्स पेपर लीक का मुख्य स्रोत माना जा रहा है। NTA की एक्सपर्ट रही हवलदार पर आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले सवाल शेयर किए, जो असली पेपर से मैच हुए। मामले में अब तक 11 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
नई दिल्ली। नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने महाराष्टÑ के पुणे से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसे फिजिक्स के सवाल लीक करने का मुख्य स्रोत बताया जा रहा है। महिला का नाम मनीषा संजय हवलदार है। जांच में सामने आया है कि मनीषा हवलदार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त किया था। इस वजह से उसकी फिजिक्स के प्रश्नपत्रों तक सीधी पहुंच थी। आरोप है कि अप्रैल 2026 के दौरान उसने परीक्षा से जुड़े कई फिजिक्स सवाल मनीषा मंढारे को शेयर किए थे। मंढारे को सीबीआई पहले ही 16 मई 2026 को गिरफ्तार कर चुकी है।
जो सवाल शेयर किए वही पेपर में आए
सीबीआई के अनुसार, जो सवाल मनीषा हवलदार ने शेयर किए थे, उनका मिलान नीट यूजी 2026 के असली फिजिक्स पेपर सेट से किया गया और दोनों में समानता पाई गई। इसी आधार पर उसे इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क की अहम कड़ी माना है।
अब तक 11 लोग गिरफ्तार
सीबीआई इस मामले में देशभर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। अब तक इस मामले में कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ये गिरफ्तारियां दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर जैसे शहरों से की गई हैं।

Comment List