सेना प्रमुख ने राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट्स की परिचालन तैयारियों का लिया जायजा, बोले- मिशन के लिए तैयार रहे सैनिक
जवानों की प्रतिबद्धता और परिचालन तैयारी के ऊंचे स्तर की सराहना की
श्रीनगर। थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने कश्मीर में आतंकवाद-रोधी अभियानों के लिए राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट्स की परिचालन तैयारियों का जायजा लिया और सैनिकों को 'मिशन तथा आतंकवाद-रोधी कार्रवाई के लिए तैयार' रहने के निर्देश दिये। सेना ने बताया कि जनरल सेठ ने श्रीनगर स्थित चिनार कॉप्र्स के तहत राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर मुख्यालय का दौरा किया और आतंकवाद-रोधी अभियानों के लिए परिचालन तैयारी का जायजा लिया। उन्हें मौजूदा सुरक्षा हालात और आतंकवादी खतरों का पता लगाने, उन्हें रोकने और उनका निर्णायक रूप से जवाब देने के लिए उठाये गये कदमों के बारे में जानकारी दी गयी। थल सेना प्रमुख (सीओएएस) ने सभी रैंक के जवानों की प्रोफेशनलिज्म, प्रतिबद्धता और परिचालन तैयारी के ऊंचे स्तर की सराहना की।
सेना के अतिरिक्त महानिदेशालय जन सूचना (एडीजीपीआई) ने सोशल मीडिया पर कहा, उन्होंने जवानों से लगातार सतर्क रहने, खुफिया जानकारी पर आधारित अभियानों को और बेहतर बनाने और उभरते खतरों का तेजी से और सटीक जवाब देने की क्षमता बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने हालात की बेहतर समझ और आतंकवाद-रोधी कार्रवाई को मजबूत करने के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ बेहतर तालमेल और करीबी सहयोग के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने आतंकवाद-रोधी अभियानों में साहस और योगदान को देखते हुए बहादुरी और बेहतरीन सेवा के लिए योग्य सैनिकों को सीओएएस कमेंडेशन (प्रशंसा) से सम्मानित किया।
एडीजीपीआई ने कहा कि सेना प्रमुख ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए खतरों से आगे रहने, परिचालन पर फोकस बनाए रखने और एक समन्वित व नपे-तुले तरीके से जवाब देने की जरूरत पर जोर दिया। सोशल मीडिया के पोस्ट में कहा गया, जय से विजय की भावना के अनुरूप, प्तभारतीय सैनिक आतंकवाद का मुकाबला करने, तालमेल बढ़ाने, लोगों की सुरक्षा करने और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

Comment List