असम सरकार का बड़ा फैसला : NEET-UG प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी मामले होंगे वापस, गिरफ्तार 13 लोगों की रिहाई की प्रक्रिया तेज
मामलों में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी
दिसपुर। असम सरकार ने NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शनों के संबंध में दर्ज सभी आपराधिक मामले वापस लेने का निर्णय लिया है। गृह एवं राजनीतिक विभाग के आधिकारिक आदेश के अनुसार, इन मामलों में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी और गिरफ्तार लोगों की रिहाई की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी।
26 जुलाई शाम 6 बजे तक राज्यभर में विरोध-प्रदर्शनों से जुड़े कुल पांच मामले दर्ज हुए थे, जिनमें 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। सरकार ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था और उच्च शिक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार, जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा हालात की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया गया है।
सरकार ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन मामलों से जुड़े प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई नई कानूनी कार्रवाई न की जाए। साथ ही, दर्ज सभी मामलों को कानून के अनुसार तत्काल वापस लेने और गिरफ्तार लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

Comment List