बांग्लादेश में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम: राष्ट्रपति शहाबुद्दीन का इस्तीफा, स्पीकर संभालेंगे कार्यवाहक राष्ट्रपति की जिम्मेदारी
बांग्लादेश के 22वें राष्ट्रपति के रूप में ली थी शपथ
ढाका। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के साथ ही देश में कार्यवाहक राष्ट्रपति चयन की संवैधानिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। देश के संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति पद रिक्त होने पर नया राष्ट्रपति चुने जाने तक स्पीकर ही कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। बांग्लादेश की संसद के अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद हैं। उल्लेखनीय है कि मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 2011 से 2016 तक भ्रष्टाचार निरोधक आयोग के आयुक्त के रूप में कार्य किया था। इसके बाद उन्होंने 24 अप्रैल 2023 को बांग्लादेश के 22वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।
पांच अगस्त 2024 को हुए राजनीतिक तख्तापलट के बाद भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन में और समेत कई राजनीतिक दलों ने उन्हें पद से हटाने की मांग की थी। हालांकि, उस समय अंतरिम सरकार ने संवैधानिक कारणों का हवाला देते हुए उन्हें नहीं हटाया था और बाद में यह मुद्दा शांत हो गया था।
12 फरवरी को हुए राष्ट्रीय संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत और सरकार गठन के बाद राष्ट्रपति बदलने की चर्चाएं एक बार फिर शुरू हो गई थीं। हालांकि बीएनपी नेताओं ने मार्च में कहा था कि राष्ट्रपति का कार्यकाल बाकी होने के कारण पार्टी के भीतर इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है, लेकिन इसके चार महीने बाद शहाबुद्दीन के इस्तीफे की खबर सामने आ गई।

Comment List