सोनिया-अखिलेश और ममता को व्यापारियों ने लिखा पत्र, राहुल गांधी की महारैली टालने की मांग
10 से 12 हजार करोड़ के नुकसान की आशंका
नई दिल्ली। दिल्ली में 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को लेकर व्यापारी संगठनों ने विरोध जताया है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को पत्र लिखकर रैली स्थगित करने की मांग की है। संगठन का दावा है कि रैली के चलते राजधानी के 20 प्रमुख बाजारों में 10 से 12 हजार करोड़ रुपए तक का कारोबार प्रभावित हो सकता है।
इसी तरह फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन और खारी बावली की किराना कमेटी ने भी अखिलेश यादव व ममता बनर्जी को पत्र भेजकर रैली दीपावली के बाद आयोजित करने का आग्रह किया है।
व्यापारी संगठनों के मुताबिक, धनतेरस और दीपावली से पहले बाजारों में खरीदारी, माल की आवाजाही और ग्राहकों की भीड़ चरम पर रहती है। ऐसे में रैली के कारण यातायात बाधित होने से व्यापार प्रभावित होने की आशंका है। संगठनों ने नेताओं से हस्तक्षेप कर रैली की तारीख बदलवाने की अपील की है।

Comment List