मुठभेड़ में साथी ढेर, 15 लाख का इनामी आतंकी फरार! अब सुरक्षाबलों ने घेरा पूरा इलाका
इनामी की तलाश में सर्च ऑपरेशन
जम्मू। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को भी आतंकवाद रोधी अभियान जारी रहा। इस दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के वांछित कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की तलाश तेज कर दी। ऐसा माना जा रहा है कि भट सोमवार को मुठभेड़ स्थल से भागने में सफल रहा था। सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि 15 लाख रुपये के इनामी और अंतिम स्थानीय एलईटी कमांडर भटकल लारू में हुई गोलीबारी में कथित तौर पर बच निकलने में कामयाब रहा। इस गोलीबारी में उसका सहयोगी मारा गया, जिसके उमर निसार डार होने की आशंका है। इलाके में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद लारू में यह अभियान शुरू किया गया था, जहां सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों को घेरा था। वांछित कमांडर का पता लगाने के लिए घेराबंदी जारी है और आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान बढ़ा दिया गया है।
पुलिस की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक स्पष्टता नहीं दी गई है कि भट घेराबंदी वाले क्षेत्र में ही फंसा हुआ है या भागने में सफल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने हालांकि कहा कि लारू में अभियान जारी है। एलईटी कमांडर भट उन वांछित आतंकवादियों में शामिल है, जिस पर दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों पर हुए हमलों में शामिल होने का आरोप है, जिनमें हाल ही में अखरान में सीआरपीएफ नाके पर हुआ हमला भी शामिल है।
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, 11 नवंबर को उमर डार ने भट के साथ मिलकर अखरान स्थित सीआरपीएफ नाके पर हमला किया था और फिर मौके से फरार हो गया था। 11 नवंबर को रिकॉर्ड किए गए सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने डार और भट दोनों को कई स्थानों पर देखा। सूत्रों ने कहा, फुटेज में अखरान हमले से पहले रेकी करने और उसके बाद भागने के दौरान उनकी गतिविधियां दर्ज हुई हैं। सूत्रों ने बताया कि डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने कहा, जांच के दौरान जांच एजेंसियों ने यह स्थापित किया कि उमर पिछले पांच से छह महीनों से लश्कर कमांडर लतीफ भट को शरण और सहायता प्रदान कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि अखरान की घटना के तुरंत बाद उमर निसार डार टीआरएफ संगठन में शामिल हो गया था। गत 11 नवंबर को सीआरपीएफ नाके पर हुए हमले के बाद से कुलगाम जिले में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

Comment List