दतिया उपचुनाव: कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, अवधेश नायक की अनुपस्थिति से राजनीतिक गलियारें में चर्चाएं तेज

दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ भारी शक्ति प्रदर्शन

दतिया उपचुनाव: कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, अवधेश नायक की अनुपस्थिति से राजनीतिक गलियारें में चर्चाएं तेज
मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। इस दौरान दोनों ही दलों के शीर्ष नेताओं ने रैलियां कर अपनी ताकत दिखाई, जिससे क्षेत्र का सियासी पारा चढ़ गया है।

दतिया। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने आज अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान दोनों दलों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने नामांकन दाखिल करने से पहले पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव सहित अनेक नेता मौजूद रहे।

नामांकन के बाद घनश्याम सिंह ने कहा कि कांग्रेस का मुकाबला सीधे भाजपा से है और उनकी पार्टी चुनाव जीतेगी। उन्होंने आजाद समाज पार्टी को भाजपा की "बी टीम" बताते हुए दावा किया कि मतदाता उसे समर्थन नहीं देंगे। वहीं समाजवादी पार्टी ने भी इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने की बात दोहराई। इस बीच कांग्रेस की जनसभा में टिकट के दावेदार रहे अवधेश नायक की अनुपस्थिति राजनीतिक चर्चा का विषय रही। नायक ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उनके साथ न्याय नहीं किया और उनके सामने सभी राजनीतिक विकल्प खुले हैं। हालांकि उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी से किसी प्रकार की व्यक्तिगत नाराजगी से इनकार किया।

कांग्रेस की सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नायक से सार्वजनिक रूप से कहा कि वर्ष 2023 में उनके टिकट का विरोध करने के लिए वह क्षमा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नायक ने पिछले विधानसभा चुनाव में पूरी निष्ठा से पार्टी के लिए कार्य किया था।
उधर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। मुख्यमंत्री ने उपचुनाव में भाजपा की जीत का विश्वास व्यक्त किया। उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है और नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Related Posts

Post Comment

Comment List

Latest News

सड़कों के रखरखाव में एमएसएस प्लस तकनीक अपनाने की संभावनाओं का होगा आकलन : मुख्य सचिव सड़कों के रखरखाव में एमएसएस प्लस तकनीक अपनाने की संभावनाओं का होगा आकलन : मुख्य सचिव
सड़कों की उम्र बढ़ाने और रखरखाव लागत घटाने के लिए नई एमएसएस प्लस (Modified Mix Seal Surfacing) तकनीक अपनाने की...
आप विधायकों ने विधानसभा में दवा घोटाले को लेकर किया प्रदर्शन : भाजपा के खिलाफ नोरबाजी, स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग
कृषि विभाग : अब ऑनलाइन होगा उर्वरक प्रशिक्षण, आयु सीमा भी समाप्त
भारत-चीन सीमा वार्ता: ऊपरी धारा की परियोजनाओं का तकनीकी विवरण साझा करने की मांग, सीमा क्षेत्रों में शांति बनाए रखना समग्र विकास के लिए आवश्यक
भारत के सबसे बड़े एजुकेशन फेस्टिवल ‘स्कून्यूज़ ग्लोबल एड फेस्ट’के 10वें संस्करण का आगाज, 500 से अधिक शिक्षक, प्राचार्य और स्कूल लीडर्स शामिल
संस्कृत शिक्षा अध्यापक भर्ती 2025 : पात्रता परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन 12 अगस्त से शुरू
टीकाराम जूली का भाजपा सरकार पर आरोप, एसएमएस स्टेडियम में भाजपा कार्यक्रम हाईकोर्ट आदेश का उल्लंघन