इजराइल जा रहे विमान के हाईजैक की आशंका : फ्लाईदुबई ने की पुष्टि, कहा - पायलटों के बीच झड़प के कारण आया इमरजेंसी अलर्ट
ताबुक में कराई इमरजेंसी लैंडिंग
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच हाथापाई के बाद विमान को बुधवार को सऊदी अरब के ताबुक में आपात स्थिति में उतारा गया। विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे। फ्लाईदुबई ने बाद में पुष्टि की है कि तेल अवीव जा रहे विमान से आपातकालीन संकेत पायलटों के बीच हुई झड़प के कारण सक्रिय हुआ था। इससे शुरुआत में संभावित विमान हाईजैक की आशंका पैदा हुई और इजरायल ने लड़ाकू विमान भी रवाना किये थे।
विमान कुछ समय के लिए सार्वजनिक उड़ान निगरानी सेवाओं से गायब हो गया और बाद में ताबुक में सुरक्षित उतरने के बाद दोबारा दिखाई दिया। एयरलाइन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और इजरायली अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है।फ्लाईदुबई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि यात्रियों को तेल अवीव पहुंचाने के लिए दुबई से एक अन्य विमान सऊदी अरब भेजा जाएगा। इजरायल की राष्ट्रीय विमानन कंपनी एल अल ने भी यात्रियों को वापस लाने के लिए तत्काल राहत उड़ान भेजने की पेशकश की है।
इजरायली अधिकारियों ने बताया कि उड़ान के दौरान विमान ने कुछ समय के लिए संभावित अवैध हस्तक्षेप का संकेत देने वाला कोड प्रसारित किया था। प्रारंभ में इसे संभावित अपहरण माना गया, लेकिन बाद में संकेत के पीछे कॉकपिट में पायलटों के बीच हिंसा होने की आशंका सामने आयी। इजरायली अधिकारियों ने सुरक्षा संबंधी किसी अन्य संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है। एक अधिकारी के अनुसार, संदेह है कि एक पायलट ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया, जिसके बाद दूसरे पायलट और कुछ इजरायली यात्रियों की मदद से उसे काबू किया गया। अधिकारी ने कहा, Þ विमान अचानक नीचे गिरा। यह एक बड़ी दुर्घटना में बदल सकता था। Þ
फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के अनुसार, विमान करीब 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 14,000 फुट तक नीचे आया और एक समय इसकी अवरोहण दर करीब 30,976 फुट प्रति मिनट दर्ज की गयी। फ्लाईदुबई ने कहा कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से बेन गुरियन हवाईअड्डे जा रही उड़ान एफजेड1073 में उड़ान के दौरान घटना हुई और विमान सुरक्षित ताबुक में उतरा। एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी देखभाल की जा रही है। इजरायली अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांचकर्ता इस संभावना पर भी ध्यान दे रहे हैं कि किसी एक पायलट ने जानबूझकर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया हो। अधिकारियों के अनुसार, जिस पायलट पर चाकू से हमला किया गया, उसके ही विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास करने का संदेह है। उन्होंने हालांकि कहा कि जांच अभी जारी है।

Comment List