बंगाल में पुलिस से झड़प के बाद हुमायूं कबीर हिरासत में, कपड़ों से खींचा और गाड़ी में बैठाया
पार्टी ऑफिस में पुलिसकर्मियों से उनकी झड़प हुई
रेजीनगर। पश्चिम बंगाल में आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर को मंगलवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्होंने राज्य के रेजीनगर में मतदान के दौरान बार-बार पुलिस की आलोचना की थी और बाद में अपने पार्टी ऑफिस में पुलिसकर्मियों से उनकी झड़प हुई। कबीर सुबह मत डालने जाते समय से ही पुलिस पर निशाना साध रहे थे। मतदान के बाद, उन्होंने मतदान केन्द्र के बाहर और बाद में अपने पार्टी ऑफिस में भी पुलिस के खिलाफ तीखी बातें कहीं।
कबीर के रेजीनगर स्थित आम जनता उन्नयन पार्टी ऑफिस पहुंचने के कुछ ही देर बाद पुलिस वहां पहुंच गई। उनके और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हुई, जिसमें उन्हें अधिकारियों से यह कहते हुए सुना गया, दलालों की तरह काम मत करो। यह बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गई। आखिरकार पुलिसकर्मियों ने कबीर को उनके कपड़ों से खींचा और गाड़ी में बिठाकर थाने ले गए। इससे पहले दिन में, कबीर ने आरोप लगाया था कि सुबह से ही उनके घर के बाहर पुलिसकर्मी तैनात थे।
उन्होंने मतदान देने के लिए लाइन में खड़े होकर भी पुलिस की आलोचना की और वोट डालने के बाद भी उन पर हमला जारी रखा। उन्होंने स्थानीय लोगों को मतदान के दौरान पुलिस की कथित दखलंदाजी के खिलाफ चेतावनी भी दी। कबीर ने कहा, क्या पुलिस पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता? क्या सुवेंदु अधिकारी की पुलिस चुनाव के नाम पर लोगों के अधिकार छीन लेगी? हमारे 64 लोगों को गिरफ्तार करने के बाद भी उनका मन नहीं भरा है। उन्होंने आगे लोगों से पुलिस का विरोध करने की अपील करते हुए कहा, Þमैं लोगों से कहूंगा कि वे लाठियां लेकर उनके खिलाफ खड़े हों। अगर पुलिस मुझे पीटने आती है, तो क्या आपको लगता है कि मैं उन्हें छोड़ दूंगा?Þ इसके बाद कबीर अपने पार्टी ऑफिस चले गए। जल्द ही पुलिस वहां पहुंच गई, जिससे टकराव हुआ और आखिरकार उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

Comment List