छत्तीसगढ़ में साड़ी वाली महिला का कारनामा : दुकान में ग्राहक बनकर आई, एक करोड़ 75 लाख का सोना लेकर फरार
साथी को थमाया सोने का बॉक्स
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में एक ज्वेलरी दुकान से करीब पौने दो करोड़ रुपये मूल्य के सोने की चोरी का मामला देखने को मिला है। पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलरी में अज्ञात महिलाओं ने कथित तौर पर भीड़ का फायदा उठाकर लगभग 1200 ग्राम सोने से भरा बॉक्स चुरा लिया। घटना के दौरान दुकान में ग्राहकों की भीड़ थी। इसी बीच कुछ महिलाएं दुकान में पहुंचीं और कर्मचारियों की व्यस्तता का फायदा उठाकर सोने के आभूषणों से भरा बॉक्स लेकर निकल गईं। चोरी गये सोने की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 75 लाख रुपये बताई जा रही है।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में लाल साड़ी पहने एक महिला काउंटर से सोने से भरा बॉक्स उठाकर अपनी सहयोगी महिला को सौंपती दिखाई दे रही है। फुटेज के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि महिलाओं ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद दुकान संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए गए हैं।
फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने और घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस वारदात ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले में विस्तृत पुलिस जांच और चोरी गए सोने की बरामदगी के संबंध में आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

Comment List