होर्मुज जलडमरूमध्य को 3 श्रेणी में बांटने की योजना बना रहा ईरान : शत्रु, तटस्थ और मित्र देशों के रूप में वर्गीकृत करने पर कर रहा विचार, शत्रु देशों के जहाजों के गुजरने पर लगेगा बैन
तटस्थ देशों को वहां से गुजरने के लिए देना होगा शुल्क
ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को ‘मित्र, तटस्थ और शत्रु’ श्रेणियों में बांटने की योजना बना रहा है। शत्रु देशों पर रोक, तटस्थ पर शुल्क और मित्रों को छूट मिलेगी। अमेरिका-इजरायल हमलों के बाद बढ़े तनाव से यह अहम तेल-मार्ग प्रभावित हुआ है, जिससे वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और एलएनजी की कीमतों में उछाल आया है।
तेहरान। ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाज को तीन श्रेणी में बांटने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान देशों को शत्रु','तटस्थ और मित्र देशों के रूप में वर्गीकृत करने पर विचार कर रहा है। इसके तहत शत्रु देशों के जहाजों को हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने पर प्रतिबंध लगा दिया जायेगा, जबकि तटस्थ देशों को वहां से गुजरने के लिए शुल्क देना होगा और मित्र देश को आसान या बिना रोक-टोक प्रवेश की अनुमति देगा। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल ने तेहरान सहित ईरान के कई ठिकानों पर हमले किये थे, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ था। जवाब में ईरान ने इजरायली क्षेत्र और पश्चिमी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था।
ईरान के आसपास बढ़ते तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य की वास्तविक घेराबंदी की गयी है। यह जलमार्ग फारस की खाड़ी के देशों से वैश्विक बाजार तक तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति का प्रमुख मार्ग है। इस स्थिति ने क्षेत्र में तेल उत्पादन और निर्यात के स्तर को भी प्रभावित किया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें काफी बढ़ गयी हैं।

Comment List