राज्यसभा में खड़गे ने उठाया नीट पेपर लीक मामला : जंतर-मंतर पर छात्रों पर किया लाठीचार्ज, सरकार कर रही मारने की कोशिश
विपक्षी सदस्यों ने जोर से बोलना शुरू कर दिया
नई दिल्ली। राज्यसभा में विपक्ष ने सोमवार को नीट यूजी पेपर लीक और इसके विरोध में जंतर मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों तथा अन्य पर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाने की कोशिश की, लेकिन सभापति ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी। सभापति ने जरूरी विधायी दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाने तथा अन्य विधायी कामकाज के बाद विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को अपनी बात रखने का मौका दिया।
खड़गे ने कहा कि नीट पेपर घोटाला छात्रों का मामला है और इससे लाखों बच्चों का भविष्य जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जंतर मंतर पर हजारों छात्र आये हैं, लेकिन वहां लाठी चार्ज हो गया है। उन्होंने कहा ,सरकार मारने की कोशिश कर रही है। सरकार कुचलने की कोशिश कर रही है। खड़गे के इतना कहते ही सभापति ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। विपक्षी सदस्यों ने इस मुद्दे पर जोर जोर से बोलना शुरू कर दिया, लेकिन तब तक सभापति ने कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा कर दी। इससे पहले सभापति ने नौ नवनिर्वाचित सदस्यों को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई। सदन ने दिवंगत सदस्यों तथा कतर के पूर्व अमीर के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखा।

Comment List