ब्रिटेन में दिमागी बुखार का प्रकोप: मेनिंजाइटिस बी और डब्ल्यू स्ट्रेन के मामले सर्वाधिक, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया ‘हाई अलर्ट’
सरकार ने आपातकालीन टीकाकरण अभियान शुरू किया
लंदन और दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड में मेनिंजाइटिस के मामलों में 15% की वृद्धि के बाद ब्रिटेन में हाई अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से युवाओं और छात्रों को प्रभावित कर रहे इस संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने आपातकालीन टीकाकरण अभियान शुरू किया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लक्षणों को गंभीरता से लेने और तुरंत चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है।
लंदन। ब्रिटेन के स्वास्थ्य सुरक्षा निकाय ने देश के कई हिस्सों में मेनिंजाइटिस (मस्तिष्क ज्वर) के मामलों में अचानक हुई वृद्धि के बाद हाई अलर्ट जारी किया है। पिछले दो हफ्तों में लंदन और दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड के कुछ इलाकों में संक्रमण के मामलों में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है, जिससे स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता बढ़ गयी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, यह प्रकोप विशेष रूप से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ने वाले युवाओं को प्रभावित कर रहा है। यूकेएचएसए के मुख्य चिकित्सा सलाहकार ने चेतावनी दी है कि मेनिंजाइटिस बी और डब्ल्यू स्ट्रेन के मामले अधिक देखे जा रहे हैं। अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे टीकाकरण की स्थिति की तुरंत जांच करें।
ब्रिटिश सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन टीकाकरण अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने संसद में बयान देते हुए कहा कि अस्पतालों को अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं, ताकि समय रहते इलाज सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि किसी में भी शुरुआती लक्षण दिखें, तो बिना देरी किये चिकित्सवा सेवाओं से संपर्क करें। विशेषज्ञों का कहना है कि मेनिंजाइटिस एक जानलेवा बीमारी हो सकती है, लेकिन सही समय पर एंटीबायोटिक्स और चिकित्सा सहायता से इसे काबू में किया जा सकता है।

Comment List