केरल में मानसून बना बीमारी का मौसम : बुखार के मरीजों की बाढ़, डेंगू-डायरिया के मामलों में बड़ा उछाल
डायरिया के मामलों में 38 प्रतिशत की बढ़ोतरी
तिरुवनंतपुरम। मानसून शुरू होने के बाद केरल में मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गयी है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में बुखार के मामलों में 19 प्रतिशत, डेंगू के मामलों में लगभग 20 प्रतिशत और डायरिया के मामलों में 38 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
महामारी विशेषज्ञ डॉ. नरेश पुरोहित ने बताया कि एक जून से 15 जुलाई 2026 के बीच डेंगू के 3,742 मामले सामने आये, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 3,120 थी। डेंगू से होने वाली मौतों की संख्या दोनों वर्षों में 9 रही। उन्होंने बताया कि बुखार के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़कर 4,78,988 हो गयी, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 4,00,326 थी। डायरिया के मामले 90,379 से बढ़कर 1,24,833 हो गए, जबकि इन्फ्लूएंजा के मामलों में 3 गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की गयी। डॉ. पुरोहित के अनुसार हेपेटाइटिस-ए के मामलों तथा इनसे होने वाली मौतों में कमी दर्ज की गयी है।

Comment List