महिलाओं को आरक्षण के अधिकार से वंचित रखने का उत्सव मना रहे विपक्षी दल : उन्हें परिसीमन की व्यवस्था पर विश्वास नहीं, रविशंकर ने कहा- संविधान को नहीं समझती कांग्रेस
महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित रखा
भाजपा ने कांग्रेस पर महिलाओं के 33% आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगाया। स्मृति इरानी ने कहा, कांग्रेस की “सामंतवादी सोच” महिलाओं को अधिकार से वंचित करती रही। उन्होंने शौचालय, बैंक खाते और स्वास्थ्य योजनाओं की कमी गिनाई। रविशंकर प्रसाद ने प्रियंका गांधी के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा, महिलाओं को “इस्तेमाल” बताना अपमानजनक है।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और उसके समर्थक दलों पर आरोप लगाया है कि वे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के अधिकार से वंचित रखने का उत्सव मना रहे हैं और इससे उनका असली चेहरा उजागर हो रहा है। सांसद रविशंकर प्रसाद तथा पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। ईरानी ने कहा कि कांग्रेस और उसके समर्थक दल उत्सव मना रहे हैं कि जो महिलाएं 33 फीसदी का आरक्षण मांग रही थीं, उन्हें अधिकार से वंचित रखा गया। उन्होंने कहा कि महिलाएं उनके द्वारा दिये गये हर दर्द को ध्यान रखेंगी।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस ने यह कटाक्ष किया कि भाजपा के कुछ लोगों ने मसीहा बनने का प्रयास किया। यह सामंतवादी सोच की निशानी है, जिन्हें लगता है कि लोकतंत्र में किसी को संवैधानिक अधिकार दिलाया जाए, तो वह अधिकार दिलाने वाला कोई मसीहा होगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं ध्यान रखेंगी कि जब 6 दशक तक कांग्रेस के पास सत्ता थी, तो 11 करोड़ महिलाएं शौचालय से वंचित रहीं। ईरानी ने कहा कि महिलाएं ध्यान रखेंगी कि 25 करोड़ महिलाओं को बैंक का खाता खोलने में कांग्रेस सरकार से कोई मदद नहीं मिली। कांग्रेस के कार्यकाल में 10 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का सहयोग प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि महिलाएं यह भी ध्यान रखेंगी कि 33 फीसदी आरक्षण का विधेयक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार में पारित कराया गया था। उन्होंने कहा, मैं स्तब्ध हूं कि कांग्रेस ने यह कहा कि वे 2023 में पारित विधेयक का वो समर्थन करते हैं, लेकिन उन्हें परिसीमन की व्यवस्था पर विश्वास नहीं है। कांग्रेस ने अपना क्रूर चेहरा देश की जनता के सामने उजागर किया है।
प्रसाद ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के मंच से उनकी महिला सांसद की तरफ से कहा गया कि महिलाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। क्या महिलाएं इस्तेमाल का विषय हैं? यह कैसी भाषा है? जिस देश की नारी दुर्गा, काली, सरस्वती और मां है, उसे इस्तेमाल की वस्तु बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के कारण विधेयकों को संयुक्त प्रगतिशील गठबंध (संप्रग) के समय में फाड़ दिया जाता था। उन्होंने कहा, यह नहीं मानता हूं कि कांग्रेस संविधान को नहीं समझती है। वह संविधान को समझती है, लेकिन जानबूझकर नहीं समझने का नाटक भी करती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा या लोकसभा की सीटों का पुनर्गठन परिसीमन के बिना नहीं हो सकता। परिसीमन जनसंख्या के आधार पर होता है।

Comment List