बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन और वंदे भारत एक्सप्रेस को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी, 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

पवन ऊर्जा पारेषण परियोजनाओं की रखी आधारशिला

बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन और वंदे भारत एक्सप्रेस को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी, 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन और बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के साथ चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों, ऊर्जा और बायोगैस संयंत्रों को राष्ट्र को समर्पित किया।

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करने के साथ बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में कर्नाटक की भूमिका अहम होगी। मोदी ने आज यहां 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए कहा कि बेहतर संपर्क व्यवस्था से लोगों का समय और पैसा बचेगा तथा रोजगार, उद्योग और विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि मेट्रो की नयी पिंक लाइन से भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बेंगलुरु सहित प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक केंद्रों और प्रौद्योगिकी एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी। इससे शहर के लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पिंक लाइन कलेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक फैली है। प्रधानमंत्री ने मेट्रो स्टेशन तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की।

प्रधानमंत्री ने एक अन्य कार्यक्रम में बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन से कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच आधुनिक रेल संपर्क उपलब्ध होगा। यह ट्रेन हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुडेश्वर, गोकर्ण और कारवार सहित 12 प्रमुख स्थानों पर रुकेगी और मडगांव तक जाएगी। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह देश की सबसे लंबी अवधि वाली वंदे भारत चेयर कार सेवा होगी। यशवंतपुर से मडगांव तक की यात्रा में 13 घंटे 20 मिनट और वापसी में 12 घंटे 55 मिनट लगेंगे। इसकी औसत गति बेंगलुरु से मडगांव की दिशा में 54 किलोमीटर प्रति घंटा और वापसी में 53 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जो देश की वंदे भारत सेवाओं में सबसे कम है। ट्रेन का नियमित परिचालन 15 नवंबर से शुरू होगा।

मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इसके अलावा बागलकोट-वंडाल रेलखंड के दोहरीकरण और सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेलखंड के विद्युतीकरण को राष्ट्र को समर्पित किया। घाट रेलखंड के विद्युतीकरण के साथ बेंगलुरु-मंगलुरु रेल मार्ग पूरी तरह विद्युतीकृत हो गया है। रेलवे के आधुनिकीकरण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कर्नाटक के 60 से अधिक रेलवे स्टेशनों को पुनर्विकसित करने के लिए चुना गया है। इनमें चामराजनगर, चिकमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड स्टेशन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों पर आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य हवाई अड्डों जैसी आधुनिक सुविधाएं रेलवे स्टेशनों तक पहुंचाना है, ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को भी बेहतर यात्रा सुविधाएं मिल सकें।

मोदी ने कहा कि कर्नाटक में शुरू की गई परियोजनाएं बेंगलुरु की प्रौद्योगिकी नगरी के रूप में पहचान को और मजबूत करेंगी तथा विकसित भारत के निर्माण में राज्य के योगदान को गति देंगी। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे का विकास और बेहतर संपर्क व्यवस्था आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण हैं। इससे विकास के अवसर समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं और गरीबी के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिलती है। उन्होंने दावा किया कि हाल के वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एलपीजी भंडारण एवं वितरण, पेट्रोलियम उत्पादों के विपणन और संपीड़ित बायोगैस से जुड़ी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। इनमें मैंगलुरु में 80,000 टन क्षमता वाली देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा और एमआरपीएल का देवणगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल शामिल हैं।

Read More  छत्तीसगढ़ में साड़ी वाली महिला का कारनामा : दुकान में ग्राहक बनकर आई, एक करोड़ 75 लाख का सोना लेकर फरार

उन्होंने बेंगलुरु में कर्नाटक कंपोस्ट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (केसीडीसी) परिसर में संपीड़ित बायोगैस संयंत्र का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, यह संयंत्र प्रतिदिन करीब 13 टन बायोगैस का उत्पादन करेगा। इससे कचरा प्रबंधन बेहतर होगा और प्राकृतिक गैस के आयात पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलेगी। मोदी ने कहा कि भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 40,000 से अधिक घरों में छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं और प्रत्येक परिवार को करीब 80,000 रुपये की सहायता मिली है। प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) के तहत राज्य में सिंचाई के लिए आठ लाख से अधिक सौर पंपों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

Read More जहरीली हवा को साफ दिखाने का खेल? सरकार पर AAP का हमला

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में बिजली पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम, कचरा प्रबंधन और रेलवे से जुड़ी कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें कोप्पल और गडग के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से बिजली निकासी, बीदर में सौर ऊर्जा पारेषण, दावणगेरे-चित्रदुर्ग और बल्लारी में बिजली पारेषण नेटवर्क का विस्तार तथा गेल के बायोगैस संयंत्र की परियोजनाएं शामिल हैं।

Read More अब गोवा जाना होगा और भी आसान! PM Modi आज करेंगे भारत की सबसे लंबी अवधि वाली "वंदे भारत ट्रेन" का उद्घाटन, जानें क्या होगा रूट?

Post Comment

Comment List

Latest News

केन्या में भीषण हादसा: इमारत का हिस्सा ढहने से 6 लोगों की मौत, बचाव और राहत कार्य जारी केन्या में भीषण हादसा: इमारत का हिस्सा ढहने से 6 लोगों की मौत, बचाव और राहत कार्य जारी
केन्या के नैरोबी काउंटी स्थित स्योकिमाऊ एसजीआर एक्सेस रोड के पास एक निर्माणाधीन इमारत की नौवीं मंजिल पर कंक्रीट डालने...
वक्री शुक्र 14 को होंगे मार्गी, चार राशियों की लाइफ होगी लग्जरी, राशि वालों के लिए नौकरी में तरक्की
जयपुर को फ्लेक्स मुक्त और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए व्यापार महासंघ और महापौर के बीच बनी सहमति 
मालगाड़ियों की रफ्तार में उत्तर पश्चिम रेलवे देश में अव्वल, 25.09 किमी प्रति घंटे की औसत गति दर्ज कर बनाया रिकॉर्ड
बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन और वंदे भारत एक्सप्रेस को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी, 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के 20वें संस्करण में सजेगी सितारों की महफिल, सिमी गरेवाल और विशाल भारद्वाज समेत जुटेंगे दिग्गज
असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और यात्री वाहन की टक्कर, 12 लोगों की मौत; मुख्यमंत्री ने जताया दुख