छत्तीसगढ़ में पावर प्लांट में भीषण हादसा : 16 से अधिक मजदूरों की मौत, बॉयलर में हुआ था धमाका
मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन
सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट से मौतों का आंकड़ा 17 पहुंच गया। मृतकों में पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मजदूर शामिल हैं। प्रशासन ने सूची जारी कर दी है। राहत-बचाव जारी है, घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि राज्य सरकार ने जांच के आदेश देकर परिजनों को सहायता का भरोसा दिया है।
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में मरने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर 17 हो गयी है। प्रशासन ने सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित पावर प्लांट में मंगलवार को बॉयलर में हुए विस्फोट में मारे गये लोगों की पहचान कर उनकी सूची जारी कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में पांच पश्चिम बंगाल, तीन झारखंड, दो बिहार, दो उत्तर प्रदेश, और पांच छत्तीसगढ़ (तीन सक्ती, एक जांजगीर और एक रायगढ़ जिले) के निवासी हैं।
घटना के बाद जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर लगातार कार्य कर रहे हैं। घायलों का उपचार नजदीकी अस्पतालों में जारी है। राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दे दिये हैं और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Comment List