ओडिशा में मोड पर पलटी तेज रफ्तार बस : पर्यटक बस के पलटने से 5 लोगों की मौत, बस से बाहर गिरे यात्री
एक बड़े पत्थर से टकराकर पलटी बस
नयागढ़ में शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ। बेरहामपुर से हरिशंकर जा रही पर्यटक बस तकेटा के पास तीखे मोड़ पर पत्थर से टकराकर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत और 40 से अधिक घायल हुए, जिनमें 10 गंभीर हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, राहत-बचाव जारी रहा। जांच भी शुरू।
भुवनेश्वर। ओडिशा के नयागढ़ जिले में दासपल्ला पुलिस स्टेशन के तहत तकेटा के पास शुक्रवार देर रात एक निजी पर्यटक बस के पलटने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गयी और 40 से ज्यादा अन्य घायल हो गए, जिनमें से 10 की हालत गंभीर है। बस बेरहामपुर से बोलांगीर जिले में पर्यटन स्थल हरिशंकर जा रही थी, तभी आधी रात के आसपास हनुमानगाड़ी रोड पर यह हादसा हो गया। बस में लगभग 60 यात्री सवार थे। सभी घायल यात्रियों को शुरू में दासपल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत वाले यात्रियों को बाद में बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
यात्रियों के अनुसार बस तेज रफ़्तार से चल रही थी और इसी दौरान एक तीखे मोड़ पर एक बड़े पत्थर से टकरा कर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री बस से बाहर जा गिरे, जबकि कुछ उसके नीचे फंस गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बचाव अभियान चलाया और घायलों को पास के अस्पतालों में पहुंचाया।

Comment List