बाजार में कोहराम: भारी गिरावट में खुले शेयर बाजार; सेंसेक्स 1700 अंक गिरवटर 74,750 पर खुला, इन शेयरों पर रखें नजर
अमेरिकी फेड के फैसले से सेंसेक्स 1,700 अंक टूटा
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती न करने से भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है। गुरुवार को सेंसेक्स 1,722 अंक और निफ्टी 517 अंक लुढ़क गया। बैंकिंग, ऑटो और आईटी सेक्टर में चौतरफा बिकवाली ने निवेशकों की धारणा कमजोर कर दी है, जिससे बाजार में निराशा का माहौल है।
मुंबई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रिपो दरों को स्थिर रखने के फैसले के बाद गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट रही। विदेश से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच बीएसई का सेंसेक्स 1,953.21 अंक की गिरावट में 74,750.92 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 1,722.90 अंक (2.25 प्रतिशत) नीचे 74,981.23 अंक पर था।
बाजार में चौतरफा गिरावट रही और सभी सेक्टरों के सूचकांक नीचे चल रहे हैं। ऑटो, वित्त, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट में हैं। आईटी, एफएमसीजी, धातु, फार्मा, स्वास्थ्य और तेल एवं गैस समूहों में भी भारी बिकवाली देखी जा रही है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 580.05 अंक टूटकर 23,197.75 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 517.15 अंक यानी 2.17 फीसदी की गिरावट में 23,260.65 अंक पर था। सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर नीचे चल रहे हैं। फिलहाल एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, इंफोसिस, महिंद्र एंड महिंद्रा और कोटक महिंद्रा बैंक ने बाजार पर सबसे अधिक दबाव बनाया है।
बाजार को उम्मीद थी कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती करेगा, लेकिन उसके ऐसा न करने से बाजार में निराशा फैल गयी, और अमेरिका तथा दूसरे एशियाई शेयर बाजारों के साथ भारतीय बाजार में भी निवेश धारणा कमजोर हुई। फेड ने बुधवार को जारी बयान में रेपो दर को 3.5 प्रतिशत से 3.75 प्रतिशत के बीच रखने का फैसला किया है।

Comment List