पैर फिसला और 200 मीटर नीचे पहाड़ी में गिरा व्यक्ति, रात के अंधेरे में एसडीआरएफ ने बचाया सुरक्षित
दुर्गम पहाड़ी पर रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
चमोली। उत्तराखंड के चमोली में नैनीसैण रोड स्थित ग्राम बरसुली में पैर फिसलने से करीब 200 मीटर गहरी पहाड़ी में गिरे एक व्यक्ति को एसडीआरएफ की टीम ने देर रात कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बचा कर अस्पताल पहुंचाया। दुर्गम पहाड़ी और विषम परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ के जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अभियान को सफल बनाया। ग्राम बरसुली में एक व्यक्ति अचानक पैर फिसलने से पहाड़ी से नीचे गिरकर फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन पहाड़ी की दुर्गमता और कठिन परिस्थितियों के चलते सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद एसडीआरएफ को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट गोचर से निरीक्षक कर्ण ङ्क्षसह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात्रि का समय और अत्यंत दुर्गम भू-भाग अभियान में बड़ी चुनौती बने रहे। एसडीआरएफ जवानों ने कई घंटों तक गहन सर्चिंग और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए करीब 200 मीटर नीचे फंसे घायल व्यक्ति तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद उसे मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया और सुरक्षित पहाड़ी से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

Comment List