ट्रंप ने ईरान युद्ध की उपलब्धियों का किया बखान : पीछे हट रहा ईरान, बोले - अब क्यूबा की बारी
अमेरिकी कार्रवाई के लाभों और पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर ध्यान केंद्रित किया
मियामी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान संघर्ष के बाद क्यूबा पर दबाव बढ़ाने के संकेत दिए, कहा—“अब अगला नंबर क्यूबा का है।” हालांकि ठोस योजना स्पष्ट नहीं की। ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पीछे धकेलने का दावा किया, नाटो की आलोचना की और अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूत बताते हुए जल्द तेजी से उभरने की बात कही।
मियामी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब अगला नंबर क्यूबा का है। मियामी में सऊदी समर्थित एक व्यावसायिक मंच पर ईरान के साथ संघर्ष में ट्रंप ने संकेत दिया कि हवाना पर वाशिंगटन दबाव बढ़ा सकता है या संभावित कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा, वैसे, क्यूबा अगला है, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि अमेरिका कौन से कदम उठा सकता है, जबकि क्यूबा गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। ट्रंप ने हाल के दिनों में वेनेजुएला में अमेरिकी कदमों और जारी ईरान संघर्ष के बाद हवाना पर दबाव बढ़ाने के संकेत दिए हैं, हालांकि उन्होंने किसी संभावित योजना का विवरण नहीं दिया है।
वह क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाजा-कानेल को वाशिंगटन के साथ किसी समझौते की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐसे किसी समझौते की रूपरेखा अभी स्पष्ट नहीं है। ट्रंप ने फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव में संबोधन के दौरान मुख्य रूप से ईरान पर अमेरिकी कार्रवाई के लाभों और पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर ध्यान केंद्रित किया। इसके साथ ही नाटो की आलोचना भी की और कहा कि उसने तेहरान के खिलाफ वाशिंगटन के अभियान का पर्याप्त समर्थन नहीं किया।
उन्होंने कहा, ईरान पीछे हट रहा है, जिस पर सभा में हल्की तालियां बजीं। उन्होंने दोहराया कि यदि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई नहीं होती तो ईरान दो से चार सप्ताह के भीतर परमाणु हथियार विकसित कर लेता और पहले के हमलों ने तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को पीछे धकेल दिया है। उन्होंने सऊदी प्रतिभागियों को इस अभियान की आवश्यकता के बारे में समझाने की कोशिश करते हुए कहा, वे इसका इस्तेमाल आप पर, इजराइल पर और सभी पर करते। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि दूसरे कार्यकाल से पहले सऊदी नेतृत्व ने उन्हें कम आंका था।
ट्रंप ने अपने संबोधन में अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर भी भरोसा जताया, जो इस संघर्ष से जुड़े बाजार उतार-चढ़ाव के बावजूद मजबूत बताई गई है। उन्होंने कहा, हमारी अर्थव्यवस्था फिर से उभर रही है। उन्होंने कहा, जब यह युद्ध खत्म होगा, तो यह रॉकेट की तरह होगा। मुझे लगा था कि हम और नीचे जाएंगे और तेल की कीमतें इससे अधिक बढ़ेंगी। यह अभी खत्म नहीं हुआ है। यह लगभग खत्म है, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

Comment List