जापान में टाइफून पेइपाह से भारी बारिश की चेतावनी : बाढ़ और भूस्खलन का खतरा, लोगों से सावधानी रखने की अपील
मौसम विभाग ने इस बात की जानकारी दी
जापान के वाकायामा प्रांत में शुक्रवार सुबह टाइफून पेइपाह पहुंच गया है।
टोक्यो। जापान के वाकायामा प्रांत में शुक्रवार सुबह टाइफून पेइपाह पहुंच गया है। मौसम विभाग ने इस बात की जानकारी दी। जापान मौसम विभाग के मुताबिक मौसम के इस 15वें टाइफून से भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन होने का खतरा है। यह शिकोकू इलाके में पहुंच कर प्रशांत महासागर तट के साथ पूर्व की ओर बढ़कर वाकायामा प्रांत के उत्तरी भाग में पहुंच गया। इसके शाम तक किन्की, तोकाई, कांतो-कोशिन और तोहोकू क्षेत्रों तक पहुंचने की आशंका है।
विभाग ने आगे कहा कि 24 घंटों के दौरान तोक्यो सहित कांतों-कोशिन क्षेत्र में 300 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है। साथ ही तोकाई क्षेत्र में 250 मिलीमीटर और किन्की क्षेत्र में 150 मिलीमीटर बारिश होने के अनुमान है। विभाग के अधिकारियों ने भूस्खलन, निचले इलाकों में बाढ़ और नदियों के उफान पर होने के प्रति सावधानी रखने की अपील की है।

Comment List