फूड सेफ्टी पर काजल अग्रवाल ने अपनी दमदार पोस्ट से छेड़ी अहम बहस : ‘द इंडिया स्टोरी’ जल्द होगी रिलीज, जानें अभिनेत्री ने क्या कहा
काजल अग्रवाल के साथ श्रेयस तलपड़े भी अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं
मुंबई। देशभर में फूड एडल्टरेशन यानी खाद्य मिलावट को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ की अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने एक बार फिर इस गंभीर मुद्दे की ओर सभी का ध्यान खींचा है। काजल अग्रवाल ने हाल ही में अपनी सोशल मीडिया स्टोरी के जरिए भारतीय आमों के निर्यात पर कीटनाशक अवशेष और क्वारंटीन संबंधी चिंताओं को लेकर सामने आई रिपोट्र्स साझा की है। इस मुद्दे को उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ से जोड़ते हुए लिखा है- दुर्भाग्य से यह भारत की कहानी है, ये ‘द इंडिया स्टोरी’ है।
फिलहाल, इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि फिल्म की कहानी भी खाद्य मिलावट जैसे गंभीर विषय और उसके सार्वजनिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले खतरनाक प्रभावों के इर्द-गिर्द घूमती है। जी स्टूडियोज और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज के सहयोग से प्रस्तुत फिल्म में काजल अग्रवाल के साथ श्रेयस तलपड़े भी अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म का उद्देश्य उस सच्चाई को सामने लाना है, जो हर दिन लाखों परिवारों को प्रभावित करती है।
फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने संभाली है। ‘द इंडिया स्टोरी’ 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में रिलीज होगी। सामाजिक रूप से प्रासंगिक विषय और प्रभावशाली संदेश के साथ फिल्म सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि एक जरूरी राष्ट्रीय चर्चा की शुरुआत करने का लक्ष्य रखती है।
फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैदाने, अनिता जाधव, विनायक सैदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराते और प्रेम जोशी शामिल हैं। वहीं, तकनीकी टीम में सिनेमैटोग्राफर निशांत भागवत, संगीतकार मंगेश धाकड़े, एडिटर आशीष म्हात्रे, गीतकार शकील आजमी और साउंड डिजाइनर अनमोल भावे शामिल हैं।

Comment List