भारतीय वायुसेना के शौर्य को सलाम: 'ऑपरेशन सफेद सागर' का ट्रेलर रिलीज, 7 अगस्त से होगी स्ट्रीमिंग
कारगिल के वीरों को मिलेगी श्रद्धांजलि
मुंबई। कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के साहस, रणनीति और बलिदान की गाथा को पर्दे पर उतारने वाली बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' का ट्रेलर बुधवार को नेटफ्लिक्स ने जारी कर दिया। 1999 के कारगिल युद्ध की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित यह सैन्य ड्रामा भारतीय वायुसेना के ऐतिहासिक एयर मिशन 'ऑपरेशन सफेद सागर' की कहानी को दर्शकों तक पहुंचाएगा। यह वही अभियान था, जिसने युद्ध की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई और दुनिया के सबसे अधिक ऊंचाई पर संचालित एयर ऑपरेशन के रूप में इतिहास में दर्ज हुआ। सीरीज का निर्देशन ओनी सेन ने किया है, जबकि इसका निर्माण अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव ने किया है। इसमें सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्णव भसीन और अमृता बागची प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
कहानी गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन के सबसे युवा फाइटर पायलटों पर आधारित है। इसमें स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा (सिद्धार्थ) और विंग कमांडर बी.एस. धनोआ 'टोनी' (जिमी शेरगिल) के नेतृत्व में युवा वायु सैनिकों द्वारा कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों में दुश्मन का सामना करने और कठिन परिस्थितियों में देश की रक्षा के लिए किए गए साहसिक अभियानों को दिखाया गया है। सीरीज में युद्ध के साथ-साथ सैनिकों के परिवारों के संघर्ष, भावनाओं और त्याग को भी संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
निर्माताओं ने बताया कि सीरीज को पूरी तरह प्रामाणिक बनाने के लिए भारतीय वायुसेना के पूर्व अधिकारियों और ऑपरेशन से जुड़े परिवारों से विस्तृत बातचीत की गई। शूटिंग भारतीय वायुसेना के ऑपरेशनल बेस पर की गई है, जहां वास्तविक लड़ाकू विमानों और सैन्य ढांचे का उपयोग किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिल्मांकन कर मिशन की वास्तविक परिस्थितियों और रोमांच को पर्दे पर उतारने का प्रयास किया गया है। नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट वाइस प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि भारतीय वायुसेना की इस ऐतिहासिक कहानी को बड़े स्तर पर दर्शकों के सामने लाया जा रहा है। वहीं निर्देशक ओनी सेन ने कहा कि पूरी टीम ने इस मिशन की भावनात्मक और ऐतिहासिक सच्चाई को पूरी ईमानदारी के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।
सीरीज को भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर चीफ मार्शल बी.एस. धनोआ का मार्गदर्शन भी मिला है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना की भूमिका को नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है और उन्हें उम्मीद है कि यह सीरीज युवाओं को भारतीय वायुसेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी। मुंबई में आयोजित ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह, पूर्व एयर चीफ मार्शल बी.एस. धनोआ, वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी, कलाकार और निर्माता मौजूद रहे। 'ऑपरेशन सफेद सागर' का प्रीमियर 7 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर होगा।

Comment List