45 वर्ष के हुए शाहिद कपूर : फिल्म ‘इश्क विश्क’ से किया डेब्यू, बॉलीवुड में सफलता हासिल कर बनाई अपनी अलग पहचान
अभिनय की कला विरासत में मिली
शाहिद कपूर 45 वर्ष के हो गए। 2003 में ‘इश्क विश्क’ से डेब्यू करने वाले शाहिद ने ‘जब वी मेट’, ‘हैदर’, ‘कबीर सिंह’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाई। उनके करियर में सफलता- असफलता दोनों रहे, लेकिन दमदार अभिनय और फिल्म फेयर पुरस्कारों ने उन्हें सम्मान दिलाया।
मुंबई। बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता शाहिद कपूर 45 वर्ष के हो गए। 25 फरवरी 1981 को दिल्ली में जन्में शाहिद कपूर को अभिनय की कला विरासत में मिली। शाहिद कपूर के पिता पंकज कपूर जाने-माने अभिनेता है। शाहिद कपूर ने अपने करियर की शुरूआत विज्ञापन फिल्मों से की। बतौर अभिनेता शाहिद कपूर ने अपने करियर की शुरूआत वर्ष 2003 में प्रदर्शित फिल्म ‘इश्क विश्क’ से की। फिल्म को टिकट खिड़की पर औसत सफलता मिली। इस फिल्म के लिए शाहिद कपूर फिल्म फेयर की ओर से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के डेब्यू पुरस्कार से सम्मानित किए गए। ‘इश्क विश्क’ के बाद शाहिद कपूर ने ‘फिदा’, ‘दिल मांगे मोर’, ‘दीवाने हुए पागल’, ‘वाह लाइफ हो तो ऐसी’, ‘शिखर’, ‘36 चाइना टाउन’, ‘चुप चुप के’ जैसी कुछ फिल्मों में काम किया, लेकिन सभी फिल्में टिकट खिड़की पर ढ़ेर हो गई।
वर्ष 2006 में शाहिद कपूर को सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘विवाह’ में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में शाहिद कपूर ने संजीदा अभिनय निभाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई। इसके साथ हीं, शाहिद फिल्म इंडस्ट्री में अपनी खोई हुई पहचान बनाने में कामयाब हो गए। वर्ष 2007 में प्रदर्शित फिल्म ‘जब वी मेट’ शाहिद कपूर के करियर की उल्लेखनीय फिल्मों में शुमार की जाती है। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहिद कपूर और करीना कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। ‘जब वी मेट’ टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म के लिए शाहिद कपूर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित किए गए।
वर्ष 2009 में प्रदर्शित फिल्म ‘कमीने’ शाहिद कपूर के करियर के लिए एक और महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में शाहिद कपूर ने दोहरी भूमिका निभाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के साथ शाहिद कपूर की जोड़ी दर्शकों के बीच काफी सराही गई। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए शाहिद कपूर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किए गए।नवर्ष 2010 से वर्ष 2012 का करियर शाहिद कपूर के लिए बुरा साबित हुआ। इस दौरान शाहिद कपूर ने ‘दिल बोले हड़िप्पा’, ‘चांस पे डांस’, ‘पाठशाला’, ‘बदमाश कंपनी’, ‘मिलेंगे मिलेगें’, ‘मौसम’ और ‘तेरी मेरी कहानी’ जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन इनमें से कोई फिल्म टिकट खिड़की पर सफल नही रही, हालांकि ‘मौसम’ में शाहिद कपूर के अभिनय को दर्शकों ने अवश्य पसंद किया।
वर्ष 2013 में शाहिद कपूर की ‘फटा पोस्टर निकला हीरो’ और ‘आर.राजकुमार’ प्रदर्शित हुई। प्रभुदेवा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘आर.राजकुमार’ को टिकट खिड़की पर औसत सफलता मिली है। इस फिल्म में शाहिद कपूर ने अपने जबरदस्त एक्शन द्दश्य के जरिए दर्शकों का दिल जीत लिया। शाहिद कपूर की वर्ष 2014 में फिल्म ‘हैदर’ प्रदर्शित हुई। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हैदर’ में अपने दमदार अभिनय के लिए शाहिद कपूर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किए गए। वर्ष 2015 में शाहिद ने मीरा राजपूत के साथ शादी कर ली। इसके बाद शाहिद की ‘उड़ता पंजाब’, ‘रंगून’, ‘पद्मावत’, ‘कबीर सिंह’, ‘जर्सी’, ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ और ‘देवा’ जैसी फिल्में प्रदर्शित हुई। शाहिद कपूर की हाल ही में फिल्म ‘ओ रोमियो’ प्रदर्शित हुई है।

Comment List