कान्स में गूँजा ‘लालो’ का नाम : गुजराती सिनेमा ने रचा नया इतिहास, क्षेत्रीय कहानियों को वैश्विक मंच पर मिली पहचान
फिल्म में रीवा राछ, श्रुहद गोस्वामी और करण जोशी ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई
गुजराती फिल्म ‘लालो- श्री कृष्ण सदा सहायते’ कान्स फिल्म फेस्टिवल में भारत का प्रतिनिधित्व करती हुई इतिहास रच गई। फिल्म क्षेत्रीय कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुँचाने वाली शुरुआती गुजराती फिल्मों में शामिल। निर्देशक अंकित साखिया और प्रोड्यूसर्स ने दर्शकों का आभार जताया।
मुंबई। ब्लॉकबस्टर गुजराती फिल्म ‘लालो’ ने कान्स में पहुँचकर इतिहास रच दिया है। फिल्म की टीम ने दुनिया के सबसे बड़े सिनेमाई मंचों में से एक पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गुजराती सिनेमा को नई पहचान दिलाई है। ‘लालो’ कान्स तक पहुँचने वाली उन शुरुआती गुजराती फिल्मों में शामिल हो गई है, जिसने क्षेत्रीय कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुँचाने का काम किया है। यह उपलब्धि भारतीय सिनेमा, मिट्टी से जुड़ी सच्ची कहानियों और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली कहानियों को दुनिया भर में मिल रही पहचान का उत्सव है। फिल्म की टीम ने दर्शकों के लगातार प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया, जिसकी वजह से यह खास सफर संभव हो सका।
निर्देशक अंकित साखिया ने कहा- ‘लालो- श्री कृष्ण सदा सहायते’ का कान्स फिल्म फेस्टिवल में प्रतिनिधित्व करना हमारे लिए गर्व और बेहद भावुक कर देने वाला पल है। हमारा मानना है कि हमारी भाषा, हमारी संस्कृति और इस फिल्म ने ही हमें यहाँ तक पहुँचाया है। हो सकता है कि हम इतनी समृद्ध संस्कृति को पूरी तरह दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए बहुत बड़े नाम न हों, लेकिन ‘लालो’के माध्यम से गुजरात और उसकी आध्यात्मिकता की एक छोटी-सी झलक को दुनिया के सामने पेश करना हमारे लिए गर्व की बात है। हमें उम्मीद है कि यह फिल्म भाषा और सीमाओं से परे जाकर लोगों के दिलों को छू सकेगी।
फिल्म के प्रोड्यूसर्स अजय बलवंत पडरिया, जय व्यास और जिगर दलसानिया ने कहा- ‘लालो- श्री कृष्ण सदा सहायते’ के प्रोड्यूसर्स के तौर पर हमारी सबसे बड़ी कोशिश हमेशा यही रही है कि यह कहानी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँचे। सिनेमा तब खास बनता है, जब वह लोगों के दिलों तक पहुँचे, बातचीत की वजह बने और स्क्रीन से बाहर भी दर्शकों के साथ बना रहे। कान्स फिल्म फेस्टिवल तक पहुँचना हमारे उसी सपने की ओर एक बड़ा कदम है, जहाँ हम ‘लालो’ के माध्यम से अपनी संस्कृति, भावनाओं और कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुँचा सकें।
मैनिफेस्ट फिल्म्स, जय व्यास प्रोडक्शंस, जिगर दलसानिया, पार्थिव जोधाणी और अजय बलवंत पडरिया द्वारा निर्मित इस फिल्म में रीवा राछ, श्रुहद गोस्वामी और करण जोशी ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई हैं। वहीं, शुभम गज्जर ने फिल्म में डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी (डीओपी) और क्रिएटिव प्रोड्यूसर की भूमिका निभाई है। ‘लालो- श्री कृष्ण सदा सहायते’ रविवार, 17 मई को दोपहर 1 बजे सिर्फ सोनी मैक्स पर प्रसारित होगी।

Comment List