घर में अकेले बुजुर्ग की मुुंह में कपड़ा ठूंसकर हत्या : नकदी लूट ले गए, 12 घंटे में दो बदमाश गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों को हिरासत में लिया
अलवर। शहर के कोतवाली क्षेत्र के खदाना मोहल्ला में अकेले रह रहे एक बुजुर्ग की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दो लोगोंं को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने पहले बुजुर्ग के हाथ-पैर और मुंह कपड़ा से बांध हत्या कर दी और फिर घर में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि मृतक की पहचान दिनेशचंद अग्रवाल के रूप में हुई है। उनके पुत्र विकास कुमार अग्रवाल ने बताया कि पिता पुराने मकान में अकेले रहते थे और रोज रात का भोजन परिवार के साथ करते थे। गुरुवार रात जब वे भोजन के लिए नहीं पहुंचे और फोन भी नहीं उठा तो परिजन पुराने मकान पहुंचे।
अंदर से दरवाजा बंद मिला। दूसरी चाबी से दरवाजा खोलने पर वह मृत मिले। उनके हाथ-पैर और मुंह कपड़े से बंधे हुए थे, जबकि घर में रखी नकदी गायब थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान करण (20) निवासी दारूकुटा मोहल्ला और तेजू उर्फ तेजपाल (20) निवासी मालवीय नगर के रूप में हुई है। पुलिस वारदात में प्रयुक्त सामान तथा चोरी गई नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

Comment List