11 करोड़ के सौंदर्याकरण के बीच सुविधाओं का अकाल, शाम ढलते ही अंधेरे में डूब जाता है बाजार

अंधेरे में डूबा कवाई का हाट बाजार

11 करोड़ के सौंदर्याकरण के बीच सुविधाओं का अकाल, शाम ढलते ही अंधेरे में डूब जाता है बाजार
टेंडर हर साल, सुविधाएं नदारद, व्यापारी और ग्राहक परेशान

कवाई। कवाई कस्बे का साप्ताहिक हाट बाजार अब नेशनल हाईवे से हटकर छोटे तालाब की पाल पर विकसित इंटरलॉकिंग क्षेत्र में लग रहा है। इससे बाजार को सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान तो मिला, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव व्यापारियों और ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बाजार से नियमित राजस्व वसूली के बावजूद पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी आवश्यक सुविधाएं नदारद हैं। कस्बे में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार को पहले नेशनल हाईवे किनारे लगाया जाता था, जहां यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। अब छोटे तालाब की पाल पर करीब 11 करोड़ रुपए की लागत से हुए सौंदर्याकरण कार्य के तहत विकसित इंटरलॉकिंग क्षेत्र में बाजार लगना शुरू हुआ है, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों को पहले की अपेक्षा बेहतर एवं सुरक्षित स्थान मिला है। यह बदलाव निश्चित रूप से एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

जिम्मेदारों को देना होगा ध्यान
बाजार में आवश्यक सुविधाओं की कमी आज भी बनी हुई है। ग्राम पंचायत द्वारा हर वर्ष हाट बाजार का टेंडर जारी किया जाता है, लेकिन बाजार में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। बाहर से आने वाले सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि उनसे नियमित रूप से शुल्क वसूला जाता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नजर नहीं आता। सब्जी विक्रेताओं के अनुसार प्रत्येक दुकानदार से प्रत्येक साप्ताहिक में 10 रुपये लिए जाते हैं, लेकिन बाजार स्थल पर न तो पेयजल की व्यवस्था है, न शौचालय, न पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और न ही साफ-सफाई पर ध्यान दिया जाता है। इसके अलावा आवारा पशु भी बाजार में पहुंच जाते हैं, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार पशुओं को हटाने के लिए अलग से खर्च भी करना पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले विक्रेताओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। मजबूरी में लोगों को खुले में जाने के लिए विवश होना पड़ता है।

शाम ढलते ही अंधेरे में डूब जाता है बाजार
सब्जी विक्रेता नमन राठौर, लक्ष्मीचंद योगी, राजू सुमन, प्रिंस सुमन, सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम के समय बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार सब्जी खरीदने पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त रोशनीं नहीं होने से पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। ऐसे में चोरी, छीना-झपटी अथवा अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने बाजार क्षेत्र में हाईमास्ट लाइट या पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।

बाजार तक पहुंचने में भी परेशानी
हाट बाजार के पास नेशनल हाईवे से इंटरलॉकिंग क्षेत्र तक पहुंचने वाला मार्ग भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां बनाया गया रैंप (रफ्ता) पूरी तरह व्यवस्थित नहीं है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को चढ़ने-उतरने में कठिनाई होती है। बरसात के दौरान यह समस्या और बढ़ जाती है। व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि बाजार को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करना सराहनीय कदम है, लेकिन अब आवश्यक है कि ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग यहां पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुगम आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराएं, ताकि हाट बाजार वास्तव में व्यवस्थित और सुविधाजनक बन सके।

Read More जल जीवन मिशन में 30 लाख की पाइप चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

पेयजल व्यवस्था भी बदहाल
सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि हाट बाजार परिसर में एक पानी की टंकी तो रखी हुई है, लेकिन उसकी नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण उसमें जमा पानी गंदा रहता है। दुकानदारों का कहना है कि टंकी के पानी का उपयोग पीने योग्य नहीं होने के कारण अधिकांश व्यापारी अपने घरों से या फिर इधर-उधर से पीने का पानी लेकर आते हैं। गर्मी और उमस के मौसम में दिनभर बाजार में बैठने वाले व्यापारियों तथा ग्राहकों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं होना बड़ी समस्या बनी हुई है।

Read More मानसून की दस्तक से बढ़ी चिंता : गंदगी से अटे नालों ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल

 बाजार में रखी पानी की टंकी का पानी गंदा रहता है, इसलिए हमें बाहर से पानी लाना पड़ता है। शाम के समय रोशनी और शौचालय की कमी से व्यापारियों व ग्राहकों को परेशानी होती है।
-राजू सुमन, सब्जी विक्रेता, कवाई

Read More हरे निशान में बंद हुआ बाजार: सेंसेक्स 291 अंक की बढ़त के साथ 77,094.07 पर बंद, इन शेयर्स में दिखी तेजी

 बाजार में न तो साफ पेयजल उपलब्ध है और न ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था। शाम ढलते ही अंधेरा होने से खरीदारी प्रभावित होती है और सुरक्षा की चिंता भी बनी रहती है।
- बंसी केवट, सब्जी विक्रेता, मोठपुर

 हाट बाजार में नियमित शुल्क लिया जाता है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। पेयजल, शौचालय और रोड लाइट जैसी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
-गोरधनीबाई सुमन, सब्जी विक्रेता, कवाई

 हाट बाजार में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय जैसी सुविधाओं की कमी की जानकारी मिली है। संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
- वीरेंद्र प्रताप सिंह हाड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष, कवा।

 जबग्राम पंचायत हाट बाजार से राजस्व प्राप्त कर रही है तो व्यापारियों और आमजन के लिए मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करानी चाहिए। पेयजल, रोशनी, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था जरूरी है।
- मुरारी सुमन, वार्ड पंच, ग्राम पंचायत,कवाई

 साप्ताहिक हाट बाजार में पेयजल,प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर जो सुझाव और शिकायतें सामने आई हैं, संज्ञान लिया जाएगा। बाजार में आने वाले व्यापारियों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर ग्राम पंचायत स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। जहां भी व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता होगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
- रामप्रताप सिंह, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत कवाई

Post Comment

Comment List

Latest News

वैश्विक रैली रेसिंग में भारत का परचम, हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली ने पूरे किए 10 गौरवशाली वर्ष वैश्विक रैली रेसिंग में भारत का परचम, हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली ने पूरे किए 10 गौरवशाली वर्ष
हीरो मोटोकॉर्प ने अपने जयपुर स्थित सेंटर फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी में हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली की 10वीं वर्षगांठ का...
आईटी सेक्टर में दबाव के कारण शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, किन स्टॉक्स ने कराई कमाई और किसने रूलाया, यहां पढ़ें पूरी खबर
Weather Update : प्रदेश में प्री मानसून की गतिविधियां कम, जयपुर सहित कई जिलों में उमस भरी गर्मी का असर
मटन व्यापारियों का उत्पीड़न : महबूबा ने की सीएम भगवंत मान से बात, कार्रवाई का आश्वासन
जिलों के प्रभारी सचिव अब हर माह करेंगे समीक्षा बैठक, विकास योजनाओं की होगी निगरानी
प्यार का खौफनाक अंत! देवर के प्यार में पागल भाभी के कदम से फैली सनसनी, पढ़ें पूरा मामला
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार से की मांग, कहा- पुलिस को जनता के साथ शालीनता से बात करने की हिदायत मिले