गर्मी में कई गांव प्यासे : दो माह से गहराया जल संकट
2 से 3 किमी दूर से ला रहीं महिलाएं पानी
कलमोदिया पंचायत में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान।
सारथल। ग्राम पंचायत कलमोदिया के करीब आधा दर्जन गांवों में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। पंचायत क्षेत्र के खेड़ी जागीर बंजारा बस्ती, कलमोदिया भील बस्ती, गोगाटोड़ी, चारपुरा, कालाटोल भील बस्ती, और सेकुड़ सहित कई गांवों में पिछले करीब दो माह से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण महिलाओं को दो से तीन किलोमीटर दूर जाकर पीने का पानी लाना पड़ रहा है। खेड़ीजागीर के ग्रामीणों देवलाल गुर्जर और अर्जुन सिंह ने बताया कि जल संकट को लेकर पंचायत प्रशासन, जलदाय विभाग और उपखंड प्रशासन को अवगत करा चुके है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ना पंचायत प्रशासन सुध ले रहा है और ना ही संबंधित विभाग है, पानी के टैंकरों की व्यवस्था कर रहा जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समाजसेवी निजी खर्च पर कर रहे टैंकर जल सेवा
भीषण गर्मी के बीच जल संकट से जूझ रहे कलमोदिया पंचायत के इन गांवों में कुछ समाजसेवी लोगों ने आगे आकर सहत पहुंचाने का कार्य शुरू किया है। मानवता की मिसाल पेश करते हुए समाजसेवी अपने निजी खर्च पर पिछले एक सप्ताह से इन गांवों में पानी के टैंकर पहुंचाकर लोगों और पशु-पक्षियों के लिए जल सेवा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने ऐसे लोगों की सराहना करते हुए प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित
जल संकट के कारण ग्रामीणों का दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। सुबह से ही महिलाएं और बच्चे पानी की तलाश में दूर-दराज क्षेत्रों की ओर निकल पड़ते हैं। कई स्थानों पर हैंडपंप और जल स्रोत सूख चुके हैं, जिससे लोगों को निजी साधनों और समाजसेवियों के सहयोग पर निर्भर रहना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पानी की कमी से पशुधन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना भी बड़ी चुनौती बन गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पेयजल व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। समाजसेवियों द्वारा निजी खर्च पर पानी के टैंकर भेजे जाने से ग्रामीणों को अस्थायी राहत जरूर मिली है, लेकिन लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
परेशानी भीषण गर्मी में पानी की समस्या ने ग्रामीणों की बढ़ा दी है। महिलाओं को रोजाना कई किलोमीटर दूर जाकर पानी भरना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक टैंकर सुविधा भी शुरू नहीं की गई।
-अमरलाल, ग्रामीण
गांव में पिछले दो माह से पेयजल संकट बना हुआ है। कई बार प्रशासन और जलदाय विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
- लल्लू सिंह, ग्रामीण
गांवों में पानी की भारी किल्लत के कारण आमजन के साथ पशु-पक्षी भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी व्यवस्था करने और नियमित पानी के टैंकर भेजने की मांग की।
- अशोक मेहर, ग्रामीण
पंचायत के इन गांव, बस्तीयों में पेयजल समस्या को लेकर एक सप्ताह पहले ही पानी टैंकर सुविधा लगाने को लेकर प्रस्ताव जलदाय विभाग को भेज रखा है।
- अनीता मीणा, सरपंच, कलमोदिया ग्राम पंचायत

Comment List