डीग में दो जुड़वा भाइयों की हत्या से सनसनी, बाजरे की पुंज के पास मिले शव
मौत की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
डीग। राजस्थान के डीग जिले के बड़ेसरा गांव में मंगलवार को दो जुड़वा भाइयों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। करीब 13 वर्ष के दोनों किशोरों के शव गांव में ज्वार-बाजरे की पुंज के पास पड़े मिले। दोनों की मौत की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक छा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहे थे। परिवार में तीन भाई और एक बहन हैं। मंगलवार को दोनों के शव मिलने की सूचना जनूथर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों बालकों की पहचान की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीग पुलिस अधीक्षक शरण कांबले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अकलेश शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, डॉग स्क्वायड से जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। जांच के दौरान घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए। ग्रामीणों ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से पहले डॉग स्क्वायड बुलाकर जांच कराने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से भी पड़ताल शुरू की।
मौत की वजह का खुलासा नहीं
डीग पुलिस अधीक्षक शरण कांबले के अनुसार, जनूथर थाना पुलिस को बड़ेसरा गांव में ज्वार की पुंज के पास दो जुड़वा बच्चों के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फिलहाल दोनों किशोरों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comment List