सांप को बोतल में बंद कर अस्पताल पहुंचा युवक, बोला: इसने डंसा
रात को टॉयलेट जाते समय कॉमन करैत पैर से लिपटा
बयाना। क्षेत्र के सालाबाद गांव से एक हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया, जिसमें गांव के 40 वर्षीय किसान जोगेंद्र सिंह जब रात को टॉयलेट के लिए उठे, तभी सीढ़ियों पर अंधेरा होने से अनजाने में उनका पैर सांप पर पड़ गया और आक्रोशित सांप ने उसके पैर को काट लिया। जोगेंद्र ने अंधविश्वास या झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाने के बजाय गजब की हिम्मत दिखाई और सांप को पकड़कर एक प्लास्टिक की बोतल में बंद डाला और उसे लेकर बयाना के सरकारी अस्पताल पहुंच गया। प्राप्त जानकारी अनुसार, बंद बोतल में रेंगते हुए सांप को देखकर तो एक बार को अस्पताल का स्टाफ भी सहम गया था, लेकिन जोगेंद्र सिंह की सूझबूझ उनके लिए वरदान साबित हुई।
डॉक्टरों ने सांप को देखकर तुरंत उसकी पहचान कॉमन करैत के रूप में की। सांप की प्रजाति का पता चलते ही डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए, जोगेन्द्र को एंटी-स्नेक वेनम लगाने सहित उनका इलाज शुरू कर दिया गया, जिससे जहर शरीर में ज्यादा नहीं फैल पाया। समय पर सही इलाज मिलने से अब वह पूरी तरह खतरे से बाहर और स्वस्थ हैं।

Comment List